महासमुंद : निष्पक्ष और पारदर्शी मतदान के लिए विशेष प्रेक्षकों ने की जिले में निर्वाचन संबंधी गतिविधियों की समीक्षा
महासमुंद : भारत निर्वाचन आयोग द्वारा छत्तीसगढ़ विधानसभा आम निर्वाचन 2023 के लिए नियुक्त विशेष सामान्य प्रेक्षक धर्मेन्द्र एस. गंगवार, विशेष पुलिस प्रेक्षक अनिल कुमार शर्मा, विशेष व्यय प्रेक्षक राजेश टुटेजा व मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़ रीना बाबा साहेब कंगाले व सूरज सिंह परिहार कमांडेंट लाइजनिंग अधिकारी ने आज जिला पंचायत सभा कक्ष में आवश्यक बैठक लेकर महासमुंद जिले में विधानसभा निर्वाचन 2023 अंतर्गत तैयारियों की समीक्षा की। विशेष प्रेक्षकों ने महासमुंद जिले के लिए नियुक्त सामान्य प्रेक्षक विवेक एल भीमनवार, जफर मलिक एवं पुलिस प्रेक्षक कृष्ण कुमार व्ही.के. और व्यय प्रेक्षक योगेश कुमार शर्मा, नीलेश राउतकर की उपस्थिति में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रभात मलिक, पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह, स्वीप नोडल अधिकारी सीईओ जिला पंचायत एस. आलोक और उप जिला निर्वाचन अधिकारी निर्भय साहू से जिले में निर्वाचन संबंधी तैयारियों की समीक्षा की।
विशेष प्रेक्षकों ने मतदान केंद्रों में सभी निश्चित सुविधाएं उपलब्ध कराने, एक से अधिक मतदान केंद्रों में विशेष ध्यान देने, निर्वाचन के दौरान प्रशासन एवं पुलिस को सतर्क रहने, ऐसे मतदान केंद्र जहां पूर्व में कम मतदान हुए हैं वहां स्वीप की गतिविधियों को बढ़ाते हुए मतदाताओं को मतदान के लिए जागरूक करने और मतदान का प्रतिशत बढ़ाने के निर्देश दिए। बैठक में भारत निर्वाचन आयोग के विशेष प्रेक्षकों ने पुलिस और आबकारी विभाग के साथ फ्लाइंग स्क्वॉड, स्थैतिक निगरानी दल के माध्यम से जांच अभियान तेज करते हुए अवैध रूप से सामग्री परिवहन, शराब परिवहन आदि पर जब्ती की कार्यवाही के निर्देश दिए।
विशेष प्र्रेक्षकों ने जिले में भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशानुसार निष्पक्ष और पारदर्शी मतदान कराते हुए निर्वाचन के कार्यों को शांति पूर्ण तरीके से संपन्न कराने के निर्देश दिए। प्रेक्षकों ने निर्देशित किया कि मतदान के दौरान मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधाओं का सामना न करना पड़े। निर्वाचन के पूर्व अंतिम 48 घंटे में संदिग्ध परिवहन, आवागमन और जांच चौकियों का सघन जांच करने के निर्देश दिए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी श्री प्रभात मलिक ने निर्वाचन संबंधी तैयारियों की जानकारी दी। इस दौरान सभी रिटर्निंग अधिकारी एवं नोडल अधिकारी मौजूद थे।