CG : तेज रफ्तार हाइवा की चपेट में आने से शिक्षिका की मौत
कोरबा जिले में सड़क हादसे में शिक्षिका की मौत हो गई. तेज रफ्तार हाइवा ने एक्टिवा सवार शिक्षिका को अपनी चपेट में लिया, जिससे मौके पर ही शिक्षिका की मौत हो गई. नाराज लोगों की भीड़ स्थल पर जमा हो गई और उन्होंने आक्रोश व्यक्त कर वाहनों की गति पर लगाम लगाने की मांग की.
सिविल लाइन रामपुर थाना अंतर्गत यह घटना रिसदी- झगरहा- बरबसपुर मुख्य मार्ग में कबीर आश्रम के पास बुधवार की शाम को घटित हुआ. बताया जा रहा है कि ग्राम बुंदेली स्थित प्राथमिक शाला में पदस्थ शिक्षिका बाल्को निवासी रोशनी बंजारा (29) छुट्टी होने पर घर जाने के लिए एक्टिवा में निकली थी.
वह कुछ दूर ही पहुंची थी कि कबीर आश्रम के पास राखड़ लोड एक तेज रफ्तार हाइवा ने उसे अपनी चपेट में ले लिया. घटना में शिक्षिका की घटना स्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई. दुर्घटना होने के साथ ही आसपास उपस्थित लोगों की भीड़ वहां लग गई. इस बीच किसी ने डायल 112 व सिविल लाइन रामपुर पुलिस को घटना की जानकारी दी. स्थल पर पहुंची पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा. हाईवा चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है.