बसना : फंदे पर लटकी मिली थी लाश, दो युवतियों पर हत्या करने का आरोप
पुलिस अधीक्षक को सौंपा गया ज्ञापन
बसना थाना क्षेत्र के ग्राम बंसुला में 17 नवम्बर की रात 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई. युवक की लाश फांसी के फंदे पर लटकी हुई थी. मृतक के परिजनों ने दो युवतियों पर हत्या का आरोप लगाया है और दोनों के खिलाफ कारवाई की मांग को लेकर मृतक विकास पीटर की माता आश्रिता पीटर ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा है.
वार्ड नंबर 12 आदर्श नगर, बसना निवासी आश्रिता पीटर ने ज्ञापन में बताया है की वह शासकीय प्राथमिक शाला आदर्श नगर में स्वीपर के रूप में कार्यरत है. चुनाव के दिन 17 नवम्बर को आश्रिता चुनाव में आये हुए अधिकारी-कर्मचारियों के लिए खाना बनाई. उसके बाद रात्रि 9:57 बजे अपने पुत्र विकास पीटर को फ़ोन करके बुलाई और बोली बेटा मुझे घर जाना है. मुझे लेने के लिए स्कूल आ. तो विकास ने कहा - मैं अभी नहीं आ सकता, पापा को बुला लो.
ज्ञापन में आगे बताया गया है की जब आश्रिता स्कूल में भोजन बना रही थी, उसी संध्या समय 6:30 बजे चन्द्रिका (जो आश्रिता की बड़ी दीदी की बेटी है) विकास को घर आकर बुलायी और अपनी सहेली रिया के घर ले गयी, जो बंसुला में सत्या कॉलोनी में किराए से रहती थी.
आश्रिता के पति रात करीब 10 बजे आश्रिता को स्कूल लेने आये और जैसे ही वे घर पहुंचे उसी वक्त चन्द्रिका घर पर आयी और बोली कि आपका बेटा विकास मेरे घर पर फांसी लगा लिया है. आश्रिता और उसके पति तुरंत सत्या कॉलोनी में उनके घर पहुंचे और देखे कि रिया रो रही थी.
आरोप है की चन्द्रिका और रिया ने मिलकर विकास की हत्या की है. आश्रिता ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में ज्ञापन सौंपकर चन्द्रिका और रिया के खिलाफ कार्यवाही की मांग की है.