खल्लारी : मछली मारने के लिए तार बिछाते समय करंट लगने से मौत
खल्लारी थाना क्षेत्र के ग्राम झारा नाला में करंट से मछली मारने के लिए तार बिछाते समय एक व्यक्ति की मौत हो गई. पुलिस मर्ग कायम कर जांच में जुटी हुई थी. जांच के बाद मृतक के साथ मछली मारने गए आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है.
पुलिस ने जांच में पाया की ग्राम कोमा निवासी मनीष चन्द्राकर, रोहित निषाद, आशाराम ध्रुव, समारू ध्रुव, मनीराम ध्रुव एवं अगेश्वर निषाद 05 अगस्त को प्रात: करीबन 11 बजे मछली पकडने झारा नाला गए थे, जहां करेंट के माध्यम से मछली पकडने हेतु निम्न दाब लाईन से हुकिंग कर तार बिछाते समय अगेश्वर निषाद करंट की चपेट में आ गया, उसे उपचार हेतु चण्डी अस्पताल बागबाहरा ले जाया गया, जहाँ डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया.
पुलिस ने जांच के बाद आरोपी मनीष चन्द्राकर पिता ईश्वर प्रसाद चन्द्राकर उम्र 50 वर्ष, रोहित निषाद पिता स्व. गैंदराम निषाद उम्र 48 वर्ष, समारू ध्रुव पिता सुकदेव ध्रुव उम्र 40 वर्ष, मनीराम ध्रुव पिता स्व. जबल सिंह ध्रुव उम्र 35 वर्ष निवासी कोमा एवं आशाराम ध्रुव पिता स्व. विशाल ध्रुव उम्र 63 वर्ष निवासी कण्डीझर के खिलाफ भादवि की धारा 304 A, 149 भादवि, 135 छ.ग. विद्युत अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है.