पिकनिक मनाने आया युवक नदी में डूबा
पलटन घाट में झारखंड के गढ़वा से पिकनिक मनाने आया युवक के नहाने के दौरान पैर फिसलने से गहराई में डूब गया। घटना दोपहर दो बजे की है। नगर सेवा की गोताखोर टीम शाम को पलटन घाट पहुंची। समाचार लिखे जाने तक डूबे हुए युवक का पता नहीं चल सका था। जानकारी के अनुसार गांधी इंटरप्राइजेज दवा दुकान गढ़वा सोनपुरवा का संचालक अमित केसरी अपने दुकान के सात कर्मचारियों के साथ पिकनिक मनाने आया था। इसी दौरान सभी नहाने के लिए कन्हर नदी में उतरे।
नदी में स्नान के दौरान दुकान में कंप्यूटर ऑपरेटर का काम करने वाले उज्जवल प्रसाद यादव पिता राम जी यादव उम्र 20 वर्ष पैर फिसलने से डूबने लगा। उसे बचाने के लिए उसका साथी राज सिंह भी नदी में कूद गया परंतु वह भी तैरना नहीं जानता था जिसके कारण वह भी डूबने लगा। इसे देखकर नगर की स्थानीय लोग जो पिकनिक मनाने आए थे उन्होेंने प्रयास कर राज सिंह की जान बचाई परंतु उज्जवल को पता नहीं चल सका। उज्जवल के डूबने के दौरान उसके अन्य साथियों ने मानव चेन बनाकर उज्जवल को डूबने से बचाने का बहुत प्रयास किया लेकिन वे सफल नहीं हो पाए।