दो पक्षों के बीच पथराव, सांप्रदायिक हिंसा में आधा दर्जन लोग ... - CG Sandesh

दो पक्षों के बीच पथराव, सांप्रदायिक हिंसा में आधा दर्जन लोग घायल…धारा 144 लागू

नई दिल्‍ली /  रांची के नगड़ी के मेन रोड में प्रतिमा विसर्जन शोभायात्रा के दौरान शुक्रवार की शाम जमकर बवाल (huge uproar)हुआ। दो पक्ष के लोग आमने-सामने हो गए। इस दौरान पूरा इलाका रणक्षेत्र बन गया। दोनों ओर से जमकर पथराव और लाठी-डंडे भी चले। दोनों पक्षों की ओर से कई राउंड फायरिंग किए जाने का आरोप भी लगाया गया। हालांकि पुलिस ने फायरिंग की पुष्टि नहीं की है। इस घटना में दोनों पक्षों की ओर से आधा दर्जन से ज्यादा लोग जख्मी हुए हैं।

घटना के बाद रांची जिला प्रशासन की ओर से नगड़ी अंचल क्षेत्र में अगले आदेश तक निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है। रांची के सदर अनुमंडल पदाधिकारी के निर्देश पर शुक्रवार को रात दस बजे से अगले आदेश तक के लिए अंचल क्षेत्र में धारा 144 लागू रहेगी। घटना की जानकारी मिलने के बाद उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा, एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा, ग्रामीण एसपी मनीष टोप्पो, सिटी एसपी राजकुमार मेहता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। बेकाबू भीड़ पुलिस से भी उलझ गयी। इसके बाद पुलिस को लाठीचार्ज करनी पड़ी। घटना के दौरान भीड़ ने एक दर्जन से ज्यादा वाहनों में तोड़फोड़ की। साथ ही राहगीरों के साथ भी मारपीट की गई।



धार्मिक स्थल के पास गाना बजाने के बाद हुआ हंगामा

नगड़ी इलाके में प्रतिमा विसर्जन को लेकर शुक्रवार की शाम में शोभायात्रा निकाली गई थी। रात करीब आठ बजे शोभायात्रा एक धार्मिक स्थल के पास पहुंची। वहां पर शोभायात्रा में शामिल लोग नाच-गान कर रहे थे। इसी क्रम में धार्मिक स्थल के पास मौजूद लोगों ने धार्मिक स्थल से आगे बढ़ने को कहा। इस बात को लेकर दोनों पक्षों के लोगों में बकझक शुरू हो गयी। बात इतनी बढ़ गई कि मारपीट के बाद दोनों ओर से पथराव शुरू कर दिया गया। आरोप है कि एक धार्मिक स्थल से पहले पथराव शुरू हुआ। इसके बाद दोनों ओर से जमकर पत्थरबाजी होने लगी।

हालत ये थी कि सड़क पर पत्थर ही नजर आ रहा था। इससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दोनों पक्ष के लोग एक धार्मिक स्थल चौक पास हथियारों के साथ जमा हो गए। दोनों ओर से जमकर नारेबाजी भी हुई। घटना की जानकारी मिलने के बाद नगड़ी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास भी किया। मगर उपद्रव कर रहे लोगों ने पुलिस को खदेड़ दिया। इसके आधा घंटे बाद अतिरिक्त पुलिस फोर्स पहुंची। जिसके बाद भीड़ पर काबू पाया गया।




author

पल्लवी मंडावी

पल्लवी मंडावी पत्रकारिता (जर्नलिज्म) में स्नातक हैं और उन्हें मीडिया के क्षेत्र में 7 वर्षों का लंबा और गहन जमीनी अनुभव है। एक प्रखर स्वतंत्र लेखिका (Independent Writer) के रूप में विभिन्न प्रतिष्ठित मंचों में उनके लेख प्रकाशित होते रहते हैं। पल्लवी सामाजिक, राजनीतिक और समसामयिक मुद्दों पर बेहद बेबाकी से लिखती हैं और अपनी धारदार लेखनी के माध्यम से जनसरोकार की आवाज़ को प्रमुखता से सबके समक्ष रखती हैं।
अन्य सम्बंधित खबरें