महासमुंद : जिला जेल का विचाराधीन बंदी अस्पताल से फरार
महासमुंद जिला जेल के विचाराधीन बंदी के भागने के मामले में थाने में शिकायत दर्ज करायी गयी है. बंदी का स्वास्थ्य खराब होने से उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया था, जहाँ से वह फरार हो गया.
जिला जेल महासमुंद में जेल प्रहरी के पद पर कार्यरत दशरथ लाल नेताम पिता रमऊ राम नेताम उम्र 60 साल ने थाने में शिकायत दर्ज करायी है की 2 मार्च को वह जिला जेल महासमुंद के परिरूध्द विचाराधीन बंदी आरीफ खान पिता गबरूद्दीन खान उम्र 24 वर्ष निवासी ठिकरीया, थाना प्रागपुरा, जिला जयपुर (राजस्थान) निवासी, जो कि न्यायालय विशेष न्यायाधीश एनडीपीएस सरायपाली महासमुंद के अपराध क्रमांक 108/2024 धारा 20ख एनडीपीएस एक्ट के तहत 29 फरवरी से जेल में परिरूध्द था.
उसका स्वास्थ्य खराब होने से दशरथ उसे उपचार हेतु जिला अस्पताल महासमुंद लेकर गया था. डॉक्टर ने ईलाज करने के बाद एक घंटा बैठकर आराम करने की सलाह देने पर दशरथ उसे कैज्वल्टी वार्ड में बिठाकर साथ में था. इसी दौरान आरोपी आरीफ खान उठा एवं दौड़ते हुए भगने लगा दशरथ विचाराधीन बंदी भाग रहा है पकड़ो-पकड़ो चिल्लाते हुए पीछे -पीछे भागा किन्तु उसे नहीं पकड़ पाया.
दशरथ ने विचाराधीन बंदी के भागने के संबंध में फोन से जिला जेल के मेन गेट प्रहरी तोषण लाल कुर्रे को बताया, जेल से अन्य प्रहरीगण आये और सब मिलकर आसपास पता किये लेकिन आरोपी का पता नहीं चला. मामले की शिकायत के बाद आरोपी आरीफ खान के खिलाफ 224-IPC के तहत केस दर्ज कर लिया गया है.