बसना : अतिक्रमण हटाने पहुंची राजस्व विभाग की टीम के साथ अतिक्रमणकर्ताओं ने की नोकझोक, नाराज युवक ने आग लगाकर किया बुलडोजर को जलाने का प्रयास, वीडियो
बसना नगर के पदमपुर रोड़ में तालाब मेड़ के ऊपर हुए अतिक्रमण को हटाने पहुंची राजस्व विभाग और नगर पंचायत की टीम के साथ आज अतिक्रमणकर्ताओं ने जमकर नोकझोक की. इसके पहले नगर पंचायत की तरफ से इन अतिक्रमणकर्ताओं को नोटिस जारी कर तीन दिन का समय दिया गया था. तीन दिन उपरान्त अवैध अतिक्रमण नहीं हटाये जाने पर आज नगर पंचायत बसना और राजस्व विभाग की टीम पुलिस बल के साथ अतिक्रमण हटाने पहुंची.
अतिक्रमणकर्ताओं को इस त्वरित कार्यवाही का जरा भी अंदेशा नहीं था, बेफिक्र होकर ये अपना जीवन यापन कर रहे थे. लेकिन अचानक आज जब राजस्व विभाग की टीम अतिक्रमण हटाने पहुंची तो इन अतिक्रमणकर्ताओं के साथ पुरे नगर में हडकंप मच गया. जब इन कब्जो पर बुलडोजर चलने लगा तब तक अतिक्रमणकर्ताओं ने अपने जगह से सामान भी नहीं हटाया था, कब्ज़ा तोड़ते देख सभी आनन फानन में अपने कब्ज़ा किये हुए घरों दुकानों से सामान खाली करने लगे. साथ ही कुछ लोगों ने इस अतिक्रमण के हटाये जाने का विरोध भी किया. जमकर विरोध किये जाने के बावजूद ये अतिक्रमणकर्ता प्रशासन के बुलडोजर को रोकने में नाकाम रहे. इसी बीच अतिक्रमण हटाये जाने का विरोध करने नगर पंचायत अध्यक्ष गजेन्द्र साहू भी पहुंचे.
इन अतिक्रमणकर्ताओं में नगर पंचायत अध्यक्ष गजेन्द्र साहू का नाम भी शामिल था, जिनके घर पर भी बुलडोजर चलाया जाना था. इस बात को लेकर नगर अध्यक्ष की बेहद ज्यादा नाराजगी देखी गई, अध्यक्ष की नाराजगी को देख अतिक्रमणकर्ताओं को भी बल मिलता गया. इसी बीच अतिक्रमण हटाये जाने से नाराज एक युवक ने कपड़े में आग लगाकर बुलडोजर को जलाने की कोशिश की हालाकि वह अपनी इस कोशिश में नाकाम रहा जिसके बाद पुलिस ने उसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया. और थोड़ी देर के लिए बुलडोजर चलना बंद हो गया.
बुलडोजर के बंद होते ही अतिक्रमणकर्ताओं को लगा कि शायद उन्हें एक दिन का समय दे दिया गया है, लेकिन शायद बुलडोजर चालक आग लगाने वाले के खिलाफ अपराध दर्ज कराने गया था. और थोड़ी देर बाद फिर से बुलडोजर ने अतिक्रमण हटाना शुरू कर दिया.
कार्यवाही होता देख नगर पंचायत अध्यक्ष ने इन सबके लिए विधायक डॉ. संपत अग्रवाल को जिम्मेदार बताया, अध्यक्ष ने कहा कि मुझे बिना सुचना दिए विधायक के इशारे पर यह अतिक्रमण हटाया जा रहा है, वहीं विधायक ने कहा कि जनप्रतिनिधियों को ऐसा अतिक्रमण नहीं करना चाहिए, जिनकी भी जमीन नहीं होगी अतिक्रमण हटाये जाने के बाद भूमिहीन लोगों को 900 वर्गफीट जमीन दी जाएगी.
खबर लिखे जाने शाम 6:30 बजे तक अतिक्रमण हटाए जाने का कार्य जारी था, वहीँ नगर अध्यक्ष भी अपने घर से सामान निकलने में व्यस्त दिखे.