बसना और खल्लारी में नहीं मिली उम्मीदों के मुताबिक बढ़त, फिर भी 1.45 लाख वोटों से जीती रूपकुमारी.
लोकसभा चुनाव 2024 के नतीजे सामने आ चुके हैं, जनमत एक बार फिर मोदी को प्रधानमंत्री बनाने हेतु मिला है. जिसमे महासमुंद लोकसभा से बीजेपी की प्रत्याशी रूपकुमारी चौधरी ने छत्तीसगढ़ के पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू को 1.45 लाख वोटों से करारी मात देते हुए सांसद निर्वाचित हुई है. महासमुंद लोकसभा में कुल आठ विधानसभा आते हैं, जिसमे सभी विधानसभा क्षेत्रों से रूपकुमारी चौधरी को बढ़त मिली लेकिन बसना और खल्लारी में मिली बढ़त उम्मीदों के मुताबिक नहीं है.
यदि मतों का आकलन किया जाए तो बसना विधानसभा में बीजेपी की स्थिती सबसे बुरी रही, रूपकुमारी चौधरी पूर्व में बसना विधानसभा की विधायक रहने के साथ विधानसभा चुनाव में बीजेपी को मिले प्रचण्ड मतों से ऐसी उम्मीद जताई जा रही थी कि अगर रूपकुमारी को सबसे बड़ी बढ़त कहीं से मिलेगी तो वह बसना विधानसभा होगा. लेकिन नतीजा ठीक इसके विपरीत आया. जिस क्षेत्र में रूपकुमारी को कमजोर माना जा रहा था वहां उन्हें बंपर वोट मिले. और बसना विधानसभा से मामूली बढ़त बना पाई.
जहाँ विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को बसना से 72,078 वोट मिले थे तो लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को 80,102 वोट मिलने से करीब 8 हजार वोटों का फायदा हुआ है. जबकि खल्लारी विधानसभा में बीजेपी के वोट 66,933 से बढ़कर 73,471 हुए हैं. खल्लारी विधानसभा से भले ही रूपकुमारी को कम वोटों की बढ़त मिली हो लेकिन विधानसभा चुनाव की तुलना में करीब 6.5 हजार वोट बीजेपी के बढे हैं, वहीँ कांग्रेस को मिले 1,04,052 वोट लोकसभा में 72,865 हो गए. खल्लारी विधानसभा की बात करें तो कांग्रेस को यहाँ से करीब 32 हजार वोट का नुकसान उठाना पड़ा हैं.
इसके अलावा कांग्रेस का गढ़ माने जाने वाले सरायपाली विधानसभा की बात करें तो जहाँ विधानसभा चुनाव में बीजेपी महज 58,615 वोटों पर सिमट गई थी तो, लोकसभा चुनाव में 78,324 मत प्राप्त कर कांग्रेस से 8,335 मतों की बढ़त बनाई कांग्रेस को विधानसभा चुनाव के मुकाबले करीब 30 हजार वोटों का नुकसान उठाना पड़ा है.
वहीँ महासमुंद विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस को 59,907 तो बीजेपी को 81,662 वोट मिले, राजिम में कांग्रेस 72,470 बीजेपी 94,614 बिंद्रानवागढ़ में कांग्रेस 72,236 तो बीजेपी 1,00,100 कुरूद में कांग्रेस 66,071 बीजेपी 91,000 वहीँ धमतरी में 63,124 कांग्रेस तो 1,00,130 मत बीजेपी ने प्राप्त किये.
बीजेपी के लिए सबसे बेहद सुखद भरी खबर किसी विधानसभा क्षेत्र से रही तो वह धमतरी विधानसभा क्षेत्र रहा जहाँ विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को जीत मिलने के बावजूद करीब 37 हजार मतों से रूपकुमारी ने अपनी बढ़त बनाई, धमतरी में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी रूपकुमारी के समर्थन में चुनाव प्रचार किया था. विधानसभा चुनाव की तुलना में बीजेपी को करीब 20 हजार वोटों का फायदा तो कांग्रेस को 20 हजार वोटों का नुकसान हुआ है.
विधानसभा क्षेत्र कुरूद की बात करें तो यहाँ बीजेपी को विधानसभा चुनाव की तुलना में करीब 3 हजार वोट कम मिले तो कांग्रेस को 20 हजार वोट कम मिले हैं, बीजेपी यहाँ विधानसभा चुनाव की तुलना में बढ़त तो नहीं बना पाई लेकिन कांग्रेस के वोट लोकसभा चुनाव में 86,622 से घटकर 66,071 हो गए, जिसके चलते यहाँ भी रूपकुमारी को करीब 25 हजार मतों की बढ़त मिली.
बिंद्रानवागढ़ में कांग्रेस के विधायक होने बावजूद रूपकुमारी को करीब 28 हजार मतों की बढ़त मिली, विधानसभा चुनाव में जहाँ कांग्रेस को 92,639 वोट मिले थे वह इस चुनाव में घटकर 72,236 हो गए तो बीजेपी के वोट 91,823 से बढ़कर 100,100 हो गए.