Paris Olympics 2024 : पेरिस ओलंपिक से विनेश फोगाट के अयोग्य ... - CG Sandesh

Paris Olympics 2024 : पेरिस ओलंपिक से विनेश फोगाट के अयोग्य घोषित होनें पर प्रियंका गांधी ने दिया बड़ा बयान, कहा....

नई दिल्ली। पेरिस ओलंपिक 2024 में भारतीय पहलवान विनेश फोगाट को अयोग्य घोषित कर दिया गया है। विनेश कुश्ती में फाइनल मुकाबला नहीं खेल पाएंगी। इसी बीच कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने विनेश फोगाट के लिए सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट किया है। जिसमें उन्होंने कहा कि, इस मुश्किल समय में करोड़ों देशवासी उसी उत्साह के साथ आपके साथ खड़े हैं, जैसा पूरे कंप्टीशन के दौरान थे।

कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने X पर लिखा, मैंने आपके साहस, आपकी मेहनत और लगन को देखा है। आप ओलम्पिक के दंगल में देश की करोड़ों लड़कियों के सपनों के लिए लड़ रही थीं। आपके शानदार खेल से उन करोड़ों लड़कियों के सपनों को उड़ान मिली है, जो छोटे-छोटे शहरों से आती हैं, तमाम चुनौतियों से जूझते हुए, सिस्टम से लड़ते हुए, विपरीत हालातों को हराकर बड़े मंचों पर पहुंचने की आकांक्षा रखती हैं। आपके शानदार खेल ने पूरे देश को गर्व से भर दिया हैं। तमाम चुनौतियों से लड़ते हुए अपनी अथक मेहनत से आप जिस मुकाम तक पहुंचीं वो आसान नहीं था। आपकी इस अविश्वसनीय यात्रा से करोड़ों सपनों को बल मिला है।

इस मुश्किल समय में करोड़ों देशवासी उसी उत्साह के साथ आपके साथ खड़े हैं, जैसा पूरे कंप्टीशन के दौरान थे। मेरी बहन, खुद को अकेले मत समझना और याद रखना कि, आप हमारी चैम्पियन थीं और आप हमेशा हमारी चैम्पियन रहेंगी। मुझे पूरा भरोसा है कि, आप और ज्यादा मजबूत तरीके से वापसी करेंगी।


समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने कहा कि,

भारतीय पहलवान विनेश फोगाट को पेरिस ओलंपिक 2024 में महिला कुश्ती 50 किग्रा वर्ग से अयोग्य घोषित किए जाने पर कहा, “पूरे देश को बड़ा झटका लगा है। उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए कि, उन्हें अयोग्य क्यों घोषित किया गया। सरकार को इस पर बयान जारी करना चाहिए, इसकी पूरी जांच होनी चाहिए.”

भारतीय ओलंपिक संघ ने भी दी जानकारी

भारतीय ओलंपिक संघ ने इस मामले पर कहा यह खेदजनक है कि, भारतीय दल विनेश फोगट को महिला कुश्ती 50 किग्रा वर्ग से अयोग्य घोषित हुई हैं। रात भर टीम द्वारा किए गए बेहतरीन प्रयासों के बावजूद, आज सुबह उनका वजन 50 किग्रा से कुछ ग्राम अधिक पाया गया।





author

पल्लवी मंडावी

पल्लवी मंडावी पत्रकारिता (जर्नलिज्म) में स्नातक हैं और उन्हें मीडिया के क्षेत्र में 7 वर्षों का लंबा और गहन जमीनी अनुभव है। एक प्रखर स्वतंत्र लेखिका (Independent Writer) के रूप में विभिन्न प्रतिष्ठित मंचों में उनके लेख प्रकाशित होते रहते हैं। पल्लवी सामाजिक, राजनीतिक और समसामयिक मुद्दों पर बेहद बेबाकी से लिखती हैं और अपनी धारदार लेखनी के माध्यम से जनसरोकार की आवाज़ को प्रमुखता से सबके समक्ष रखती हैं।
अन्य सम्बंधित खबरें