Kolkata Rape and Murder : आरजी कर मेडिकल कॉलेज के पूर्व प्रि... - CG Sandesh

Kolkata Rape and Murder : आरजी कर मेडिकल कॉलेज के पूर्व प्रिंसिपल समेत सात का पॉलीग्राफ टेस्ट, खुलेंगी मामले से जुड़ी अहम परतें?

कोलकाता। कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में महिला डॉक्टर की दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले पूर्व प्रिंसिपल संदीप घोष समेत कुल सात लोगों का पॉलीग्राफ टेस्ट शनिवार को कराया जा रहा है। संदीप घोष के अलावा दुष्कर्म के आरोपी संजय रॉय और मेडिकल कॉलेज के चार अन्य डॉक्टर्स का भी पॉलीग्राफ टेस्ट कराया जा रहा है। साथ ही अस्पताल के एक सिविल वॉलंटियर का भी पॉलीग्राफ टेस्ट कराया जा रहा है।

संदिग्ध है पूर्व प्रिंसिपल की भूमिका
महिला डॉक्टर के दुष्कर्म और हत्या के मामले में आरजी कर मेडिकल कॉलेज के पूर्व प्रिंसिपल संदीप घोष की भूमिका संदिग्ध है। सीबीआई द्वारा बीते हफ्ते भर से ज्यादा समय से लगातार संदीप घोष से पूछताछ की जा रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पूछताछ के दौरान संदीप घोष के बयानों में विरोधाभास है। साथ ही सुप्रीम कोर्ट ने भी अपनी सुनवाई के दौरान संदीप घोष की भूमिका को लेकर गंभीर सवाल उठाए थे। यही वजह है कि संदीप घोष सीबीआई की जांच के रडार पर हैं। सीबीआई ने अदालत में अर्जी देकर संदीप घोष, आरोपी संजय रॉय और चार अन्य डॉक्टर्स और एक सिविल वॉलंटियर का पॉलीग्राफ टेस्ट कराने की मंजूरी मांगी थी, जिसे अदालत ने मंजूर कर लिया था।


संजय रॉय का जेल में ही कराया जा रहा पॉलीग्राफ टेस्ट
अदालत की मंजूरी के बाद शनिवार को सभी का पॉलीग्राफ टेस्ट कराया जा रहा है। गौरतलब है कि संदीप घोष के अलावा जिन चार अन्य डॉक्टर्स का पॉलीग्राफ टेस्ट कराया जा रहा है, उन्होंने ही मृतका के साथ घटना वाली रात डिनर किया था। आरोपी संजय रॉय का जेल में ही पॉलीग्राफ टेस्ट कराया जा रहा है। बाकी अन्य का पॉलीग्राफ टेस्ट सीबीआई कार्यालय में कराया जा रहा है। पॉलीग्राफ टेस्ट के लिए विशेषज्ञों की एक टीम नई दिल्ली स्थित सेंट्रल फोरेंसिक साइंस लेबोरेट्री से कोलकाता पहुंची है।

क्या होता है पॉलीग्राफ टेस्ट
पॉलीग्राफ टेस्ट को लाई डिटेक्टर टेस्ट भी कहा जाता है। इस टेस्ट में कई साइकोलॉजिकल जांच की जाती हैं। साथ ही सवालों के जवाब के दौरान ब्लड प्रेशर, सांस की गति, त्वचा की संवेदनशीलता आदि का भी अध्ययन किया जाता है।

 



author

पल्लवी मंडावी

पल्लवी मंडावी पत्रकारिता (जर्नलिज्म) में स्नातक हैं और उन्हें मीडिया के क्षेत्र में 7 वर्षों का लंबा और गहन जमीनी अनुभव है। एक प्रखर स्वतंत्र लेखिका (Independent Writer) के रूप में विभिन्न प्रतिष्ठित मंचों में उनके लेख प्रकाशित होते रहते हैं। पल्लवी सामाजिक, राजनीतिक और समसामयिक मुद्दों पर बेहद बेबाकी से लिखती हैं और अपनी धारदार लेखनी के माध्यम से जनसरोकार की आवाज़ को प्रमुखता से सबके समक्ष रखती हैं।
अन्य सम्बंधित खबरें