बसना : निशुल्क सायकल पाकर खिला कोलिहादेवरी के छात्राओं का चेहरा
आज शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोलिहादेवरी में कक्षा नौवीं की 44 बालिकाओं को छत्तीसगढ़ शिक्षा विभाग की महत्वपूर्ण योजना निशुल्क सरस्वती सायकल वितरण योजना के अंतर्गत सायकल वितरण किया गया | इस कार्यक्रम में शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के अध्यक्ष गोपाल नायक, पालक शिक्षक संघ के अध्यक्ष विश्वामित्र साहू सहित समिति के सदस्य गण एवं समस्त पालक गण उपस्थिति थे |
ग्राम पंचायत कोलिहादेवरी के सरपंच विजय बारिहा की गरिमामयी उपस्थिति में सभी बालिकाओं को सायकल प्रदान की गई | सायकल पाकर सभी बालिकाओं के चेहरे पर मुस्कान खिल गई | सभी छात्राओं ने एक स्वर में प्रतिदिन विद्यालय आने एवं भविष्य में अपने माता-पिता व स्कूल का नाम रोशन करने की बात कही | संस्था के प्राचार्य एम. एल. मांझी ने सभी बालिकाओं के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं प्रदान करते हुए कहा कि एक बेटी जब शिक्षित होती है तो वह दो परिवारों को विकास की ऊंचाइयों तक ले जाती है | समस्त कार्यक्रम का संचालन निशुल्क सरस्वती सायकल वितरण प्रभारी व्याख्याता श्री जी एस मांझी ने किया एवं आभार प्रदर्शन विद्यालय के व्याख्याता डी के बारीक ने किया |