news-details

देश 60 साल बाद पहली बार राजनीतिक स्थिरता और दृढ़ विदेश नीति का अनुभव कर रहा है: अमित शाह

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के तीसरे टर्म के 100 दिन पूरे होने पर मंगलवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि देश 60 वर्षों में पहली बार राजनीतिक स्थिरता और दृढ़ विदेश नीति का अनुभव कर रहा है। उन्होंने यह बात मोदी सरकार के तीसरे टर्म के पहले 100 दिनों पर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कही।

गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, भारत के विकास, सुरक्षा और गरीबों की भलाई में 10 साल समर्पित करने के बाद, भारतीय जनता ने भाजपा और उसके गठबंधन दलों को जनादेश दिया, इससे देश में राजनीतिक स्थिरता का वातावरण बना है।

गृह मंत्री शाह ने कहा कि, पिछले 10 वर्षों में आजादी के बाद पहली बार दुनिया को रीढ़ की हड्डी वाली विदेश नीति को देखने का मौका मिला है। पिछले 10 वर्षों में केन्द्र सरकार ने 60 करोड़ गरीबों का जीवन संवारा, उन्हें घर, शौचालय, गैस, पीने का पानी, बिजली, 5 किलो मुफ्त राशन और 5 लाख रुपये तक की स्वास्थ्य सेवाएं मिलीं। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य है कि अगले चुनावों तक कोई ऐसा व्यक्ति न हो जो घर का मालिक न हो।

अमित शाह ने यह भी कहा कि पिछले 10 वर्षों में मोदी सरकार ने आंतरिक और बाहरी सुरक्षा को मजबूत करके एक मजबूत भारत का निर्माण किया है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में भारत ने अनेक उपलब्धियां हासिल की हैं। भारतीय भाषाओं को सम्मान देते हुए नई शिक्षा नीति लागू की गई, जिसमें हमारी प्राचीन शिक्षा प्रणाली और आधुनिक शिक्षा शामिल है, जो हमारी क्षेत्रीय भाषाओं को भी सम्मानित करती है।”

केंद्रीय गृह मंत्री शाह ने कहा कि ‘मेक इन इंडिया’ के शुभारंभ के बाद, आज भारत दुनिया में उत्पादन का सबसे चहेता केन्द्र बन गया है। उन्होंने यह भी कहा कि भारत एक वैश्विक उत्पादन केंद्र बन गया है और भारत की डिजिटल इंडिया योजना को अपनाकर कई देश इसको अपने विकास का आधार बनाना चाहते हैं। अमित शाह ने कहा कि हम इकॉनोमी के 13 पैरामीर्टस पर खरे उतरे हैं। आज अंतरिक्ष के क्षेत्र में भारत के उज्ज्वल भविष्य को सभी स्वीकार कर रहे हैं।

गृह मंत्री अमित शाह ने यह भी घोषणा की कि भाजपा कार्यकर्ता 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक देश भर में जरूरतमंदों की सेवा करेंगे, ताकि प्रधानमंत्री मोदी के 74वें जन्मदिन को सेवा पखवाड़ा के रूप में मनाया जा सके। इस अवसर पर उन्हें बधाई देते हुए गृहमंत्री शाह ने कहा कि 10 साल में दुनिया के 15 अलग-अलग राष्ट्रों ने प्रधानमंत्री को अपने देश के सर्वोच्च पुरस्कार से सम्मानित किया है। इससे न केवल प्रधानमंत्री बल्कि देश का भी गौरव बढ़ा है।




अन्य सम्बंधित खबरें