सरायपाली : फर्जी दस्तावेजों की कूटरचना कर की धोखाधड़ी
रकम हड़पने की दुर्भावना से अपराधिक षड़यंत्र के तहत् फर्जी दस्तावेजों की कूटरचना कर धोखाधड़ी किये जाने की शिकायत दर्ज किये जाने के मामले में सरायपाली थाने में शिकायत दर्ज करायी गई है.
विक्रम रतेरिया, पिता नटवर रतेरिया, उम्र-39 वर्ष ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया है कि वह वेरियेन्ट ग्लोबल आर्गेनिक प्रा.लि. का डायरेक्टर है. आज से कुछ माह पूर्व रियल इस्टेट का कार्य करने वाले शिशुपाल प्रधान एवं नरेन्द्र जुनेजा ने विक्रम से मुलाकात कर बताया कि उनके पार्टनर झुलूप कुमार साहू की विक्रेता पार्टी की ग्राम गजेन्द्रपुर, थाना-पदमपुर, जिला-बरगड़, ओड़िसा में भूमियां है, जिसे वे विक्रय करना चाहते है. जिस पर विक्रम ने शिशुपाल प्रधान एवं नरेन्द्र जुनेजा को भूमि दिखलाने को कहा, तब उपरोक्त व्यक्तियो द्वारा विक्रम और विक्रम के पिता नटवर रतेरिया को ग्राम गजेन्द्रपुर, थाना-पदमपुर, जिला-बरगड़, ओड़िसा ले जाकर भूमियां दिखलायी तथा झुलूप कुमार साहू से मुलाकात करायी गयी. उक्त समय झुलूप कुमार साहू ने विक्रम को बताया गया कि उसकी विक्रेता पार्टी अनंत मिश्र, पिता शीबू प्रसाद मिश्र एवं कृष्ण पिता शौकी मिश्र, दोनों निवासी ग्राम टाल थाना मेलछामुण्डा, तहसील पदमपुर ओडिशा की ग्राम गजेन्द्रपुर, थाना-पदमपुर, जिला-बरगड़, ओड़िसा स्थित खाता कमिक नम्बर-52 खतियान/खसरा नम्बर 52 में 33 प्लाट, 63 एकड़ 32 डिसमिल एवं खतियान/खसरा नम्बर 57/2, 9 प्लाट, 35 एकड़ 95 डिसमिल इस तरह कुल 100 एकड़ भूमि है, जिसे वे लोग विक्रय करना चाहते हैं.
उक्त समय झुलूप कुमार साहू के साथ-साथ शिशुपाल प्रधान एवं नरेन्द्र जुनेजा ने मिलकर कहा कि आप लोग हमारी मध्यस्थता और जिम्मेदारी में इस भूमि में रकम निवेश करिये, यहां पर शीघ्र ही शासन की बड़ी-बड़ी योजनायें आने की है, जिससे कि यहां काफी कम समय में भूमि का अत्यधिक मूल्य बढ़ जावेगा और आपको हम लोगों को 30,000/- रूपये प्रति एकड़ की दर से दलाली देनी होगी, चूँकि शिशुपाल प्रधान एवं नरेन्द्र जुनेजा से विक्रम ने पूर्व में कुछ अवसरो पर जमीन का कार्य किया था, इस कारण वे लोग उपरोक्त व्यक्तियो की बातो पर विश्वास कर भूमि क्रय करने में अपनी सहमति दी. उक्त संबंध में झुलूप कुमार साहू एवं शिशुपाल प्रधान द्वारा विक्रम को सरायपाली तहसील बुलवाकर दो व्यक्तियों से मुलाकात करवायी गयी और उनके द्वारा विक्रम को बताया गया कि ये लोग अनंत मिश्र एवं कृष्ण प्रसाद मिश्र है, जो कि भूमि स्वामी हैं.
उक्त समय उपरोक्त व्यक्तियो द्वारा भूमि के इकरारनामें का एक प्रारूप भी बनाकर लाया गया था. जिस पर विक्रम ने विश्वास कर झुलूप कुमार साहू, शिशुपाल प्रधान द्वारा मिलवाये गये अनंत मिश्र एवं कृष्ण प्रसाद मिश्र नामक व्यक्तियो से विक्रम का एक नोटराईज्ड लिखित इकरारनामा 25 मई 2024 को निष्पादित करवाया गया, जिसके परिपेक्ष्य में विक्रम ने 1,50,000 रुपये प्रति एकड़ की दर से भूमि क्रय करना निर्धारित किया तथा इकरारनामा के परिपेक्ष्य में विक्रम के द्वारा एच.डी.एफ.सी. बैंक, शाखा रायगढ़ छ.ग. के खाता कमांक-5020********** का चेक 3,00,000 रुपये तथा चेक 3,00,000 रुपये का प्रदान किया गया.
उक्त समय अनंत मिश्र एवं कृष्ण प्रसाद मिश्र द्वारा विक्रम को कहा गया कि आप चेकों में अभी नाम मत डालिये, क्योंकि अक्सर हमारे नाम की स्पेलिंग में गलती हो जाती है. इस कारण हम लोग बैंक पासबुक के अनुसार चेको में हमारा नाम डालकर बैंक में प्रस्तुत कर देंगे तथा हम लोग उपरोक्त चेको की अभिस्वीकृति निष्पादित इकरारनामें के अनुसार करते है.
उक्त समय झुलूप कुमार साहू, शिशुपाल प्रधान द्वारा व्यक्तिगत तौर पर एवं नरेन्द्र जुनेजा द्वारा फोन पर विक्रम से कहा गया कि आप हमारी मध्यस्थता में सौदा ले रहे है, आप बेफिकर होकर अनंत मिश्र और कृष्ण प्रसाद मिश्र को चेक दे सकते हैं, जिस पर विक्रम ने उपरोक्त व्यक्तियो की बातों पर भरोसा करके चेक प्रदान कर दिया, जिस संबंध में झुलूप कुमार साहू, शिशुपाल प्रधान 30,000/-रुपये 30,000/-रुपये प्रत्येक को इस तरह कुल 60,000/-रुपये एवं रायगढ़ जाकर नरेन्द्र जुनेजा को 30,000/-रुपये की अग्रिम दलाली राशि इस तरह कुल 90,000/-रुपये उपरोक्त व्यक्तियो के कहने पर प्रदान किया.
उक्त समय वेरियेन्ट ग्लोबल आर्गेनिक प्रा.लि. के अन्य डायरेक्टर विक्रम के पिता नटवर रतेरिया एवं सुबोध सिंह भी उपस्थित थे, जिनसे उक्त बात की पुष्टि की जा सकती है. उक्त समय झुलूप कुमार साहू, शिशुपाल प्रधान एवं नरेन्द्र जुनेजा एवं विक्रम से इकरारनामा किये गये विक्रेतागणो द्वारा यह आश्वासन दिया गया था कि उनके द्वारा कुछ ही समय में विक्रम को भूमि पंजीयन संबंधी आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध करा दिये जायेंगे, किन्तु उपरोक्त व्यक्तियो द्वारा दिये गये आश्वासन के अनुसार दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराया गया तथा टाल-मटोल किया जाते रहा. इसी बीच विक्रम को यह जानकारी हुई कि अनंत मिश्र और कृष्ण प्रसाद मिश्र द्वारा निष्पादित किये गये इकरारनामें की भूमि में अन्य विधिक वारिसान भी हक रखते हैं. जिस पर विक्रम ने झुलूप कुमार साहू, शिशुपाल प्रधान एवं नरेन्द्र जुनेजा से जानकारी लेने का प्रयास किया, तब उपरोक्त व्यक्तियों द्वारा टाल-मटोल किया जाने लगा, तब वेरियेन्ट ग्लोबल आर्गेनिक प्रा.लि. के अन्य डायरेक्टर विक्रम के पिता नटवर रतेरिया ने नरेन्द्र जुनेजा से कहा कि आप लोगो ने वास्तविकता को छुपाकर इकरारनामा किया है, इस संबंध में हम लोग कानूनी कार्यवाही करेंगे.
तब नरेन्द्र जुनेजा द्वारा उक्त संबंध में विक्रम की कंपनी को विश्वास में लेने के लिए कंपनी के अन्य डायरेक्टर नटवर रतेरिया को वाट्सअप पर 17 जून 2024 को भूमि स्वामी अनंत मिश्रा एवं कृष्ण प्रसाद मिश्र के वारिसानो के नाम की एक सहमति पत्र दिनांक 10/06/2024 भेजा गया और कुछ ही समय में भूमि के शेष दस्तावेज उपलब्ध कराकर रजिस्ट्री करवाने का आश्वासन दिया गया, जिस पर विक्रम लोगों के द्वारा विश्वास कर लिया गया, किन्तु इसके पश्चात् उपरोक्त व्यक्तियो द्वारा भूमियो के पंजीयन से संबंधित दस्तावेजो को प्रदान किये जाने में लगातार टाल-मटोल एवं हीला-हवाला किया जाते रहा तथा इसके पश्चात् अचानक उपरोक्त व्यक्तियो द्वारा विक्रम से संपर्क करना बंद कर दिया गया. जिससे विक्रम को उपरोक्त व्यक्तियो की नीयत पर शक हुआ, जिस पर विक्रम ने जानकारी लेने का प्रयास किया, तब उसे इस बात की जानकारी प्राप्त हुई कि झुलूप कुमार साहू, शिशुपाल प्रधान एवं नरेन्द्र जुनेजा द्वारा विक्रम को जिन व्यक्तियो को अनंत मिश्र एवं कृष्ण प्रसाद मिश्र बताकर विक्रेता की हैसियत से सौदा करवाकर इकरारनामा की लिखा-पढ़ी करवायी गयी थी, वास्तव में वे व्यक्ति भूमि स्वामी अनंत मिश्र एवं कृष्ण प्रसाद मिश्र नहीं हैं.
विक्रम को यह भी जानकारी प्राप्त हुयी है कि वास्तविक भूमि स्वामी कृष्ण प्रसाद मिश्र की लगभग 15 वर्ष पूर्व मृत्यु हो चुकी है. इस तरह झुलूप कुमार साहू, शिशुपाल प्रधान एवं नरेन्द्र जुनेजा द्वारा मिलकर विक्रम की कंपनी वेरियेन्ट ग्लोबल आर्गेनिक प्रा.लि. की रकम हड़पने का अपराधिक षड़यंत्र करते हुए फर्जी तरीके से दो अन्य व्यक्तियो को भूमि स्वामी अनंत मिश्र एवं कृष्ण प्रसाद मिश्र बताकर झूठी एवं गलत जानकारी देकर फर्जी दस्तादेज की कूटरचना करते हुए और उसे असल में उपयोग करते हुए विक्रम को जमीन बेचने का झूठा आश्वासन देकर कुल 6,00,000 रुपये भूमि के संबंध में अग्रिम राशि एवं 90,000 रुपये दलाली के संबंध में प्राप्त कर कंपनी वेरियेन्ट ग्लोबल आर्गेनिक प्रा.लि. के साथ धोखाधड़ी की गयी है, जिससे कि कंपनी को गंभीर आर्थिक क्षति हुई है.
मामले की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी झुलुप कुमार साहू, शिशुपाल प्रधान, नरेन्द्र जुनेजा के खिलाफ 34-IPC, 420- IPC के तहत अपराध कायम किया है.