news-details

बसना : विद्यार्थियों के बौद्धिक और रचनात्मक विकास को बढ़ावा देने विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन

सेजेस बसना के पीएमश्री विद्यालय में विद्यार्थियों के बौद्धिक और रचनात्मक विकास को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं का आयोजन प्राचार्य के के पुरोहित के कुशल निर्देशन में संपन्न हुआ। प्रतियोगिताओं के अंतर्गत छात्रों ने वाद-विवाद, मॉडल निर्माण, और क्विज में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

विद्यावैभव (ओलंपियाड):
इस प्रतियोगिता के तहत छात्रों को वेस्ट मटेरियल्स से रचनात्मक वस्तु या मॉडल का निर्माण कर प्रदर्शित करना था। इसमें एलिमेंट्री स्तर के छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

प्राथमिक वर्ग में प्रथम स्थान पर श्रद्धा साव, द्वितीय स्थान पर जागृति, और तृतीय स्थान पर अंशिका रहीं।

पूर्व माध्यमिक वर्ग में प्रथम स्थान सुमित कुमार, द्वितीय स्थान तान्या साहू, और तृतीय स्थान पर हेमा ने प्राप्त किया।


मंथन मंडल (वाद-विवाद प्रतियोगिता):
इस प्रतियोगिता में छात्रों ने दो विषयों पर बहस की – "विकसित भारत एवं इसके आयाम" और "एक राष्ट्र, एक चुनाव"।

वाद-विवाद प्रतियोगिता में हर्षवर्धन दास ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, प्रार्थना बारीक द्वितीय स्थान पर रहीं और शिवानी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

क्विज प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हर्षवर्धन दास, द्वितीय शुभ सिंह राजपूत और तृतीय स्थान तेजस्विनी साव ने प्राप्त किया।

खोजें एवं जाने (स्थानीय ऐतिहासिक स्थलों पर आधारित मॉडल निर्माण):
इसमें विद्यार्थियों ने स्थानीय ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण कर उनके मॉडल्स तैयार किए और हस्तलिखित बुकलेट्स प्रस्तुत कीं, जो उनके इतिहास, वास्तुकला और सांस्कृतिक महत्व पर आधारित थीं।

प्रतिभागियों का पंजीकरण और निर्णायक मंडल:
प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों का पंजीकरण ऑनलाइन गूगल फॉर्म के माध्यम से किया गया था। इसमें दो श्रेणियाँ थीं – एलिमेंट्री (कक्षा 3 से 8 तक) और उच्च/उच्चतर (कक्षा 9 से 12 तक)। छात्रों ने अपनी रुचि के अनुसार विभिन्न विधाओं में भाग लिया। प्रतियोगिताओं के परिणामों के मूल्यांकन के लिए प्रधान पाठक हेमंत दास, वरिष्ठ व्याख्याता एन. के. ध्रुव, हेमराज निषाद, मोहिनी चौधरी, और अन्य शिक्षकों का निर्णायक मंडल गठित किया गया था।

अगली प्रतियोगिताएं:
इन प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले सभी प्रतिभागी दिनांक 21 अक्टूबर को होने वाली जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेंगे।

शाला विकास एवं प्रबंधन समिति के अध्यक्ष एन एल भोई, सभी सदस्यों,विकासखंड शिक्षा अधिकारी, विकासखंड स्रोत समन्वयक ,प्राचार्य और विद्यालय स्टाफ ने सभी प्रतिभागियों को उनकी सफलता और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।




अन्य सम्बंधित खबरें