कोमाखान : इंजेक्शन लगाने से बिगड़ी तबीयत, अस्पताल ले जाते समय मौत, डॉक्टर के खिलाफ केस दर्ज
डॉक्टर के इंजेक्शन लगाने से एक व्यक्ति की तबियत बिगड़ने लगी उसे अस्पताल ले जाया जा रहा था, इसी दौरान उसने दम तोड़ दिया. मामला अक्टूबर 2023 का है. पुलिस मर्ग जांच में जुटी हुई थी. जांच के बाद 26 नवम्बर 2024 को केस दर्ज कर लिया गया है.
थाने में दर्ज रिपोर्ट के मुताबिक, 12 अक्टूबर 2023 को रात के समय राजाराम साहू पिता प्रभुराम साहू उम्र 36 साल निवासी मनकी की तबीयत खराब हो गई थी.
अगले दिन फोन के माध्यम से ग्राम चंदरपूर के रहने वाले बंगाली डॉक्टर मिलन सरकार को बुलाये थे, तब मिलन सरकार के द्वारा राजाराम के घर में आकर उसे इंजेक्शन लगाया गया था. जिसके पश्चात राजाराम की तबीयत अत्यधिक खराब होने से अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई.
पुलिस ने संपूर्ण मर्ग जांच में प्राप्त साक्ष्य अनुसार मिलन सरकार पिता रामप्रसाद सरकार उम्र 42 साल निवासी चंदरपुर का कृत्य भादवि की धारा 304 तथा छ.ग. आयुर्विज्ञान की धारा 24 के अंतर्गत दण्डनीय अपराध की श्रेणी में आये जाने पर आरोपी के खिलाफ अपराध पंजीबध्द कर विवेचना में लिया है.