
CG: पहले चाकू से रेता गला फिर कुएं में फेंक दी युवक की लाश, आरोपियों की तलाश जारी
सरगुजा। अंबिकापुर के ग्राम परसा में सुबह करीब 4 बजे युवक की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी गई। शव को घसीटते हुए पास ही कुएं में फेंका गया है। घटना की सूचना पर कोतवाली थाना प्रभारी की टीम मौके पर पहुंची। परिजनों ने शव को कुएं से निकलवाया और मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल पहुंचाया। मामले में कोतवाली पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज किया है।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम परसा निवासी युवक मुन्ना राम चेरवा (40) बीती रात घर में सोया था। शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे वह आहट सुनकर बाहर निकला। घरवालों ने बाहर विवाद होने की आवाज सुनी। जब काफी देर तक मुन्ना राम वापस नहीं लौटा तो परिजन बाहर निकले।
परिजनों ने निकाला शव, हत्या का जुर्म दर्ज
परिजनों को घर के बाहर खून फैला हुआ मिला तो वे दहशत में आ गए। आसपास तलाश करने पर मुन्ना राम कुएं में पड़ा हुआ दिखा। परिजनों ने उसे बाहर निकाला, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल पहुंचने पर चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक का सब्जी काटने वाले चाकू से गला काटा गया है। चाकू पास पड़ा मिला।
कोतवाली थाना प्रभारी मनीष सिंह परिहार ने बताया कि पुलिस मामले में गहनता से जांच कर रही है। युवक का विवाद किनसे था, इसकी भी जानकारी ली जा रही है।
घटनास्थल पर शव को घसीटने के निशान मिले हैं। आरोपियों की संख्या एक से ज्यादा भी हो सकती है। मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम शुक्रवार को कराया जाएगा। मामले में पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज कर रही है।
गांव में चल रहा था जमीन विवाद
पुलिस पूछताछ में परिजनों ने बताया कि मृतक मुन्नाराम अंबिकापुर में किसी दुकान में काम करता था। उसका जमीन को लेकर विवाद गांव में ही कुछ लोगों से चल रहा था। पुलिस जमीन विवाद के साथ ही अन्य विवाद को लेकर पूछताछ कर रही है।
मौके पर फॉरेंसिक एक्सपर्ट की टीम भी पहुंची है। घटनास्थल पर सब्जी काटने वाला नया चाकू मिला है और खून काफी मात्रा में फैला हुआ है। घर के बाहर से लेकर कुएं तक घसीटने और खून के निशान भी मिले हैं। पुलिस ने डॉग स्क्वायड की टीम को भी मौके पर बुलाया है।