चलती बस में महिला को आया हार्ट अटैक, मौत.
रायपुर: चलती बस में हार्ट अटैक आने से एक महिला की मौत हो गई. घटना के समय उन्हें किसी भी तरह की मदद नहीं मिल पाई, इससे बस की सीट में ही उनकी मौत हो गई.
घटना की सूचना के बाद टिकरापारा पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. बताया जा रहा है कि, महिला भोपाल से रायपुर आ रही थी.
पुलिस के मुताबिक, हथबंध के बगलामुखी आश्रम निवासी हेमलता राव गुरुवार की रात करीब 11 बजे भोपाल से रॉयल ट्रेवल्स की बस में रायपुर आने के लिए सवार हुई. बस सुबह करीब 11 बजे रायपुर भाठागांव बसस्टैंड पहुंची. बस से सभी यात्री उतर गए लेकिन हेमलता नहीं उतरी. जब कंडक्टर उनके पास गया तो वह सीट पर ही बेसुध थीं. उनकी मौत हो चुकी थी. कंडक्टर ने ड्राइवर को बताया, इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. हेमलता के मोबाइल में लगातार उनकी बहन का कॉल आ रहा था. बस वालों ने कॉल रिसीव करके उन्हें भी सूचना दी. इसके बाद परिजन पहुंचे. वहीं मौके पर पहुंची पुलिस और मेडिकल टीम ने चेक करने के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया.
सुबह 6 बजे बहन से हुई थी बात
हेमलता से सुबह 6 बजे उनकी बहन ने बात की थी. इस दौरान उन्होंने बताया कि, वह करीब 11 बजे रायपुर पहुंच जाएगी. इसके बाद सुबह 9 बजे फिर उनकी बहन ने कॉल किया, तो उन्होंने कॉल नहीं उठाया. इसके बाद कई कॉल किए गए, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया थी. प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस का कहना है कि, महिला को चलती बस में हार्ट अटैक आया. इसके चलते उनकी मौत हो गई.
महिला पर किसी का नहीं गया ध्यान
बताया जा रहा है कि, सफर में महिला अकेली थी. उन्हें अटैक आया तो, उस समय उन्हें किसी भी तरह की मदद नहीं मिल पाई. बस में सवार अन्य लोगों को भी उन पर ध्यान नहीं गया. अगर हार्ट अटैक के समय सीपीआर, या मेडिकल सुविधा मिल जाती तो, उनकी जान बच सकती थी.