CG : राइस मिल में लगी भीषण आग, हजारों बोरे धान और बारदाने जल... - CG Sandesh

CG : राइस मिल में लगी भीषण आग, हजारों बोरे धान और बारदाने जलकर पूरी तरह राख

दुर्ग। जिले से इस समय एक बड़ी और बेहद चिंताजनक खबर सामने आ रही है। जिले के चिखली गांव स्थित नारायण राइस मिल में रविवार सुबह अचानक भीषण आग लग गई। इस आगजनी की घटना में मिल में रखे गए हजारों बोरे धान और बारदाने जलकर पूरी तरह राख हो गए। आग इतनी विकराल थी कि कुछ ही पलों में मिल का बड़ा हिस्सा इसकी चपेट में आ गया और पूरे परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस भीषण आग से लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। वहीं 4 घंटे कड़ी मशक्कत के बाद 25 से 30 गाड़ी पानी के मदद से आग पर काबू पाया गया।


मिली जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 7:30 बजे चिखली गांव स्थित नारायण राइस मिल से अचानक धुआं उठता देखा गया। इस मिल के मालिक कैलाश रूंगटा बताए जा रहे हैं। जैसे ही मिल में काम कर रहे मजदूरों ने धुआं देखा, उन्होंने तत्काल मिल प्रबंधन को सूचना दी और सभी मजदूरों को मिल परिसर से सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद सूचना फौरन अग्निशमन विभाग को दी गई। आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास के ग्रामीण भी मौके पर इकट्ठा हो गए। वहीं कमांडेंट नागेंद्र सिंह ने बताया कि प्रारंभ में दो गाड़ियों को मौके पर भेजा गया, लेकिन आग भीषण होने की वजह से धीरे-धीरे स्थिति नियंत्रण से बाहर होती गई। इसके बाद शहर और आसपास के इलाकों से कुल 25 से 30 दमकल गाड़ियों की मदद ली गई। दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने में तीन से चार घंटे का समय लगा। काफी मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह बुझा दिया गया है।फायर अधिकारी ने यह भी बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि, इसकी पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी। उन्होंने यह भी बताया कि राइस मिल में सेफ्टी के कोई भी पुख्ता इंतजाम नहीं थे। अधिकारी ने मिल प्रबंधन को जल्द से जल्द अग्नि सुरक्षा के उपाय करने के निर्देश दिए हैं। यदि आदेशों का पालन नहीं किया गया तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन भारी मात्रा में धान और बारदाने के जलने से मिल मालिक को बड़ा आर्थिक नुकसान हुआ है। फिलहाल प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर मौजूद है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है। आसपास के ग्रामीणों और मिल कर्मचारियों में इस घटना के बाद भय और चिंता का माहौल बना हुआ है। प्रशासन ने सभी से अफवाहों से बचने और सुरक्षा के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

भ्रष्टाचार को बढ़ावा और मुख्यमंत्री के जीरो टोलरेंस निति को चुनौती देता जनसंपर्क विभाग, पीजीपोर्टल, जनशिकायत, सीएमहेल्पलाइन लाइनपर की गई शिकायत सब बेअसर


author

पल्लवी मंडावी

पल्लवी मंडावी पत्रकारिता (जर्नलिज्म) में स्नातक हैं और उन्हें मीडिया के क्षेत्र में 7 वर्षों का लंबा और गहन जमीनी अनुभव है। एक प्रखर स्वतंत्र लेखिका (Independent Writer) के रूप में विभिन्न प्रतिष्ठित मंचों में उनके लेख प्रकाशित होते रहते हैं। पल्लवी सामाजिक, राजनीतिक और समसामयिक मुद्दों पर बेहद बेबाकी से लिखती हैं और अपनी धारदार लेखनी के माध्यम से जनसरोकार की आवाज़ को प्रमुखता से सबके समक्ष रखती हैं।
अन्य सम्बंधित खबरें