छुट्टी के दिन भी होगा रजिस्ट्री कार्यालय में काम, अपॉइंटमेंट का समय भी बढ़ा.
रायपुर: छत्तीसगढ़ में अब छुट्टी के दिन भी सरकारी कार्यालय में काम होगा. जी हां सभी जिलों में रजिस्ट्री ऑफिस अब अवकाश के दिनों में भी खुले रहेंगे जिससे जनता के काम में किसी तरह की मुश्किलें नहीं हो.
राज्य सरकार के मंत्री ओपी चौधरी के निर्देश के बाद महानिरीक्षक पंजीयन एवं मुद्रांक पुष्पेन्द्र कुमार मीणा ने सोमवार को सभी जिलों के कलेक्टरों को लेटर लिखा है. लेटर में कहा गया है कि मार्च महीने में अवकाश के दिनों में भी रजिस्ट्री ऑफिस खुले रहेंगे. लेटर में कहा गया है कि मार्च महीने के सार्वजनिक अवकाश के दिनों 25, 29, 30 एवं 31 मार्च को भी सभी रजिस्ट्री कार्यालय खुले रहेंगे जिससे आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो.
अपॉइटमेंट का समय भी बढ़ाया
आदेश के अनुसार नागरिकों की सुविधाओं को देखते हुए रजिस्ट्री के लिए अपॉइंटमेंट का समय भी बढ़ाया गया है. अपॉइंटमेंट का समय सायं 5 बजे से बढ़ाकर सायं 7 बजे तक कर दिया गया है. वहीं सोमवार को कुछ देर के लिए तकनीकी समस्या के चलते सर्वर डाउन हो गया था. जिसके बाद तकनीकी टीम ने इसे ठीक कर किया.