CG : ज्यादा देर तक मोबाइल चलाने पर परिजनों ने डांटा, नाराज 9... - CG Sandesh

CG : ज्यादा देर तक मोबाइल चलाने पर परिजनों ने डांटा, नाराज 9वीं के छात्र ने लगा ली फांसी

सरगुजा। जिले के सीतापुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत महेशपुर गांव में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां मोबाइल की लत से परेशान एक नाबालिग छात्र ने अपनी जान दे दी। मृतक की पहचान विक्रम सिंह (कक्षा 9वीं), निवासी कसाईडीह, पिता संग्राम सिंह के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, विक्रम को मोबाइल पर अधिक समय बिताते देख परिजनों ने उसे डांटा और पढ़ाई पर ध्यान देने की सलाह दी। परिजनों की डांट से आहत होकर नाबालिग छात्र नाराज़ हो गया और गुस्से में घर से निकल गया। इसके बाद उसने महेशपुर के जंगल में जाकर एक पेड़ की टहनी में रस्सी से फांसी लगा ली।

ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस दर्दनाक घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और परिजनों से पूछताछ की जा रही है। यह घटना न सिर्फ एक परिवार की त्रासदी है, बल्कि यह मोबाइल की बढ़ती लत और उससे जुड़ी मानसिक समस्याओं पर एक गंभीर सवाल भी खड़ा करती है।


author

पल्लवी मंडावी

पल्लवी मंडावी पत्रकारिता (जर्नलिज्म) में स्नातक हैं और उन्हें मीडिया के क्षेत्र में 7 वर्षों का लंबा और गहन जमीनी अनुभव है। एक प्रखर स्वतंत्र लेखिका (Independent Writer) के रूप में विभिन्न प्रतिष्ठित मंचों में उनके लेख प्रकाशित होते रहते हैं। पल्लवी सामाजिक, राजनीतिक और समसामयिक मुद्दों पर बेहद बेबाकी से लिखती हैं और अपनी धारदार लेखनी के माध्यम से जनसरोकार की आवाज़ को प्रमुखता से सबके समक्ष रखती हैं।
अन्य सम्बंधित खबरें