news-details

CG : योगबल से नक्सलवाद छोड़ राष्ट्रवाद की ओर बढ़ रहे लोग, जगदलपुर में त्रिदिवसीय योग उत्सव का शुभारंभ

पतंजली योग समिति द्वारा विश्व योग दिवस प्रोटोकॉल के अंतर्गत आयोजित त्रिदिवसीय विराट योग उत्सव का शुभारंभ इंदिरा स्टेडियम में किया गया। “फिट बस्तर-हिट बस्तर” अभियान के तहत आयोजित इस योग शिविर में बड़ी संख्या में योग साधकों, सामाजिक एवं आध्यात्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों और मुख्यधारा में लौटे पुनर्वास शिविर के भाई-बहनों ने भाग लिया। योग शिविर का संचालन करते हुए पतंजलि योग समिति की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मनोज पानीग्राही ने कहा कि आज योग के माध्यम से नक्सलवाद छोड़कर राष्ट्रवाद की मुख्यधारा से जुड़ने का सकारात्मक संदेश सामने आ रहा है। उन्होंने कहा कि जो लोग कभी बंदूक की भाषा बोलते थे, वे आज योग शिविर में शामिल होकर अनुलोम-विलोम और योगाभ्यास कर रहे हैं। यह केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि शांति और सामाजिक परिवर्तन का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि बस्तर से पूरे देश और दुनिया को योग, शांति और सकारात्मक चेतना का संदेश मिल रहा है। डॉ. पानीग्राही ने जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन का आभार जताते हुए योग साधकों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के कई महत्वपूर्ण टिप्स भी दिए। पतंजलि योगपीठ के निर्देशन में आयोजित इस शिविर में “स्वास्थ्य ही संपदा” थीम रखी गई है। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ भारती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। आयोजन में युवाओं की विशेष भागीदारी देखने को मिली।

शिविर के दौरान योग के साथ-साथ शुगर, बीपी और वजन की जांच, प्राकृतिक चिकित्सा, जल नेती, आई वॉश, कर्ण पूरण तथा औषधीय पेय जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गईं। योग साधकों को बीपी, शुगर, हार्ट अटैक सहित कई गंभीर बीमारियों के घरेलू, आयुर्वेदिक और एक्यूप्रेशर उपचार की जानकारी भी दी जा रही है। भारत स्वाभिमान न्यास के जिला प्रभारी Jitendra Mishra ने कहा कि बड़ी संख्या में लोगों का योग से जुड़ना स्वास्थ्य के प्रति बढ़ती जागरूकता को दर्शाता है।




अन्य सम्बंधित खबरें