आत्महत्या की दर में कमी लाने तथा उसके रोकथाम के लिये, ग्राम पंचायत चनाट में नवजीवन भवन का शुभारंभ
महासमुंद, 26 जून 2019/बसना विकासखंड के ग्राम चनाट में जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर के आयोजन के दौरान आज यहां बुधवार को ग्राम पंचायत भवन में मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत आत्महत्या के दर में कमी लाने के लिए जिले में जिला प्रशासन की पहल ‘‘नवजीवन‘‘ भवन का शुभारंभ किया गया। इसका शुभारंभ सरायपाली विधायक श्री किस्मत लाल नंद ने फीता काटकर किया। इस दौरान कलेक्टर श्री सुनील कुमार जैन, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री ऋतुराज रघुवंशी, सरपंच श्रीमती यशोदा पटेल विशेष रूप से उपस्थित थी। इस अवसर पर युवाओं को खेल सामग्री प्रदाय की गई। इनमें व्हालीबाल, केरम, फुटबाल, टेनिस बाल शामिल है। इसके साथ ही नवजीवन भवन में प्रेरणादायक पुस्तक की भी उपलब्धता रहेगी, जिसका उपयोग हर वर्ग के लोग कर सकेंगे।
इस अवसर पर कलेक्टर श्री जैन ने कहा कि जिला प्रशासन के पहल पर महासमुंद जिले में आत्महत्या के आंकड़ों को देखते हुए लोगों को तनाव मुक्त एवं जागरूक करने हेतु तनाव प्रबंधन, आत्महत्या रोकथाम तथा जीवन कौशल विकास के लिए पहल की जा रही है, जिसे वृहद स्तर पर ‘‘नवजीवन‘‘ के रूप में क्रियान्वित किया गया है। उन्होंने कहा कि जिले में आत्महत्या की दर में कमी लाने तथा उसके रोकथाम के लिये ग्राम, संकुल, विकासखंड एवं जिला स्तर पर अभियान चलाते हुए तनावग्रस्त लोगों की पहचान कर उन्हें ‘‘नवजीवन‘‘ प्रदान करना है, जिसके तहत आत्महत्या रोकथाम कार्यशाला आयोजित करना, आत्महत्या के संबंध में सकारात्मक समाचार प्रकाशन करना, लोगों को तनाव प्रबंधन के बारे में सिखाना, जीवन कौशल प्रशिक्षण प्रदान करना, विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा निःशुल्क परामर्श, नवजीवन सखा, सखी के माध्यम से ग्राम स्तर पर मानसिक रूप से पीड़ित व्यक्तियों की पहचान कर परामर्श प्रदान करना, राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत आत्महत्या के दर में कमी लाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इस अवसर पर सरायपाली एसडीएम श्री विनय कुमार लंगेह, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री आर.के. वर्मा, तहसीलदार श्रीमती ललिता भगत, नायब तहसीलदार श्री कृष्णा चंद्राकर, सुश्री सुशीला साहू उपस्थित थी।