news-details

महासमुंद पुलिस को बड़ी कामयाबी, 110 किलो गांजा के साथ शाहरूख खान गिरफ्तार

महासमुंद पुलिस ने सोमवार को अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 110 किलो गांजा, एक टाटा डीआई वाहन समेत कुल ₹24.56 लाख की संपत्ति जब्त की गई है।

थाना महासमुंद में पदस्थ उप निरीक्षक आर.बी. सिन्हा अपनी टीम के साथ जुर्म-जायम, पतासाजी एवं अवैध मादक पदार्थ रेड कार्यवाही हेतु शासकीय वाहन से कस्बा देहात क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इस दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति सफेद रंग के टाटा डीआई वाहन (क्रमांक CG 04 ML 2991) में भारी मात्रा में गांजा लेकर बागबाहरा मार्ग से महासमुंद की ओर आ रहे हैं। सूचना पर तत्परता दिखाते हुए पुलिस टीम ने NH353 राजिम जाने वाले मार्ग पर नाकाबंदी कर दी।

कुछ ही देर बाद बताए गए हुलिए का वाहन वहां से गुजरता दिखाई दिया। पुलिस ने वाहन को रोककर उसमें सवार दोनों व्यक्तियों से पूछताछ की। प्रारंभिक पूछताछ में गोलमोल जवाब देने पर संदेह हुआ। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपियों ने वाहन के पीछे ट्राली के नीचे बने विशेष चेंबर में गांजा छिपाकर ले जाने की बात कबूली। तलाशी के दौरान गवाहों की उपस्थिति में चेंबर से खाकी टेप से पैक किए गए कुल 110 पैकेट मिले, जिनमें प्रत्येक में 1-1 किलोग्राम गांजा था। कुल बरामद गांजा 110 किलोग्राम आंका गया जिसकी बाजार कीमत लगभग ₹16,50,000 बताई जा रही है।

पकड़े गए आरोपियों के नाम शाहरूख खान पिता शेख मुस्ताक खान (29 वर्ष) एवं आकाश कोसरे पिता कार्तिक राम कोसरे (20 वर्ष) हैं, जो दोनों घासीदास नगर, जामुल, जिला दुर्ग (छत्तीसगढ़) के निवासी हैं। दोनों आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे यह गांजा ओडिशा के रामपुर पहाड़ी से खरीदकर दुर्ग के जामुल क्षेत्र में बिक्री करने ले जा रहे थे।

इसके अलावा वाहन में प्रयुक्त टाटा डीआई वाहन (कीमत ₹8,00,000), आरोपियों के मोबाइल, आधार कार्ड, वाहन के दस्तावेज, ड्राइविंग लाइसेंस समेत कुल ₹24,56,000 की संपत्ति जब्त की गई। पूरी कार्रवाई NDPS एक्ट की धारा 20(ख), के तहत की गई है।

इस सफल कार्रवाई में उपनिरीक्षक आर.बी. सिन्हा के साथ आरक्षक हितेश चंद्राकर, थनेश्वर मरकाम, साधुराम ध्रुव, चुडामड़ी सेठ व अन्य पुलिस बल का विशेष योगदान रहा।


अन्य सम्बंधित खबरें