
महासमुंद : श्रावण मास के द्वितीय सोमवार को रुद्राभिषेक एवं हवन पूजन में शामिल हुए विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा
विशाल मेगा मार्ट परिसर में चल रहे एक माह के रुद्राभिषेक एवं हवन पूजन में श्रावण के द्वितीय सोमवार को विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा शामिल हुए। पूजा अर्चना कर उन्होंने महादेव से क्षेत्रवासियों की सुख, समृद्धि और शांति की कामना की। वहीं श्रावण सोमवार पर रुद्राभिषेक एवं हवन पूजन के साथ रुद्राक्ष वितरण भी हुआ। वहीं महासमुंद विधानसभा क्षेत्र के अलग-अलग ग्राम पंचायतों के सरपंच भी पूजन में शामिल हुए।
बता दें कि महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा द्वारा लगातार 10वें वर्ष में श्रावण मास में महारूद्राभिषेक का आयोजन किया जा रहा है। शुक्रवार से श्रावण मास के प्रथम दिन से एक माह का महारूद्राभिषेक एवं हवन-पूजन कार्यक्रम प्रारंभ हुआ। कार्यक्रम प्रतिवर्ष की भांति इस बार भी विशाल मेगा मार्ट परिसर के पास विधायक जनदर्शन कार्यालय के पीछे करवाया जा रहा है। श्रावण के द्वितीय सोमवार की सुबह 8 बजे से वेदी पूजा की गई। मंत्रोच्चार के साथ पुरोहितों ने पूजन विधि संपन्न करवाई।
इसके पश्चात पार्थिव शिवलिंग का रुद्राभिषेक हुआ। शाम में हवन पूजन संपन्न हुआ। श्रावण के द्वितीय सोमवार के शुभ अवसर पर महासमुंद विधानसभा क्षेत्र के अलग-अलग ग्राम पंचायतों के सरपंच एवं ग्रामीणजन भी शामिल हुए। सभी ने मिलकर भगवान शिव कि आराधना की।
इस अवसर पर विधायक सिन्हा ने कहा कि श्रावण का पवित्र मास चल रहा है। महादेव की सच्चे मन से पूजा अर्चना करने पर मनोकामना पूर्ण होती है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से रुद्राभिषेक एवं हवन पूजन में शामिल होने की अपील की है।
श्रावण सोमवार को हुआ रुद्राक्ष वितरण
प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी महारूद्राभिषेक एवं हवन-पूजन के दौरान रुद्राक्ष का वितरण किया जाएगा। श्रावण मास के द्वितीय सोमवार को पूजा स्थल में रुद्राक्ष वितरण किया गया। इसके बाद 28 जुलाई और 4 अगस्त को सोमवार के दिन रुद्राक्ष वितरण किया जाएगा। श्रद्धालुगण श्रावण के पवित्र मास में आयोजित महारूद्राभिषेक एवं हवन-पूजन में शामिल होकर पुण्यलाभ प्राप्त कर सकते हैं।
अन्य सम्बंधित खबरें