
महासमुंद : पवित्र माह श्रावण में महादेव की पूजा अर्चना करना सौभाग्य - योगेश्वर राजू सिन्हा
विशाल मेगा मार्ट परिसर में चल रहे एक माह का रुद्राभिषेक एवं हवन पूजन कार्यक्रम में प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालुगण पुण्यलाभ प्राप्त कर रहे हैं। विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा भी प्रतिदिन रुद्राभिषेक एवं हवन पूजन में शामिल हो रहे हैं। शुक्रवार को भी वें पूजन आरती में शामिल हुए और महादेव की पूजा अर्चना कर क्षेत्रवासियों की सुख, समृद्धि और शांति की कामना की। इस दौरान पूर्व विधायक डॉ विमल चोपड़ा एवं भाजपा नेता प्रशांत श्रीवास्तव भी उनके साथ इस पूजा में शामिल हुए। विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि श्रावण पवित्र माह में महादेव की पूजा अर्चना करना पुण्यदायी होता है साथ ही यह सौभाग्य है कि हमें महादेव की पूजा करने का अवसर प्राप्त हो रहा है।
बता दें कि महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा द्वारा लगातार 10वें वर्ष में श्रावण मास में महारूद्राभिषेक का आयोजन किया जा रहा है। हर वर्ष श्रावण मास की शुरुआत से श्रावण पूर्णिमा तक यह आयोजन किया जाता है। इस बार भी श्रावण मास के प्रथम दिन से शुरू होकर एक माह का महारूद्राभिषेक एवं हवन-पूजन कार्यक्रम जारी है। प्रत्येक दिन सुबह 8 बजे से वेदी पूजा की जाती है। मंत्रोच्चार के साथ पुरोहित पूजन विधि संपन्न करवाते हैं। इसके पश्चात पार्थिव शिवलिंग का रुद्राभिषेक एवं शाम में हवन पूजन संपन्न होता है। पुरोहितों द्वारा महामृत्युंज्य मंत्र का जाप किया जाता है, जिससे पूरे वातावरण में सकारात्मक ऊर्जा का प्रसार होता है। प्रतिवर्ष की भांति इस बार भी शहर के मुख्य मार्ग एवं अन्य मार्गों में भगवा ध्वज लगाया गया है।
शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों से भी आ रहे श्रद्धालु
एक माह के रुद्राभिषेक एवं हवन पूजन में शहर के साथ साथ ग्रामीण क्षेत्र के श्रद्धालु भी शामिल हो रहे हैं। सभी श्रद्धालुगण पूरे भक्ति भाव से महादेव की पूजा अर्चना कर रहे हैं। प्रत्येक श्रावण सोमवार को पूजा स्थल में रुद्राक्ष वितरण भी किया जा रहा है। इस सोमवार 28 जुलाई को भी रुद्राक्ष वितरण किया जाएगा।
अन्य सम्बंधित खबरें