निर्धारित दर से अधिक राशि लेने पर  माँ दुर्गा चॉइस सेंटर सील... - CG Sandesh

निर्धारित दर से अधिक राशि लेने पर माँ दुर्गा चॉइस सेंटर सील, पिथौरा के टेका में 500 रुपये तक लिए जाने का आरोप.

आधार कार्ड संबंधित शिकायतों के चलते जगदीशपुर रोड में स्थित माँ दुर्गा चॉइस सेंटर में छापामार कार्रवाही कर उसे सील कर दिया गया है. जिसके चलते ग्रामीण अंचल से आये लोगों को काफ़ी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.  

राज्य शासन द्वारा जारी आदेश में 29 जुलाई तक राशन कार्ड के नवनीकरण के लिए आधार कार्ड सबसे जरुरी दस्तावेज़ है तो वहीं प्रधानमंत्री स्वास्थ बीमा के लिए भी आधार कार्ड से डाटा लिया जाता है. आने वाले समय में देश की आर्थिक जनगणना होनी है जिसके लिए भी आधार की आवश्यकता होगी.

बहरहाल जिनके आधार कार्ड अब तक नहीं बन पायें है उन्हें सबसे ज्यादा परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. क्योंकि आधार में नाम नहीं होने की वजह से ना तो नाम राशन कार्ड में रह पायेगा और ना ही लोग स्वास्थ बीमा का लाभ उठा पाएंगे.        

माँ दुर्गा चॉइस सेंटर के संचालक निलेश अग्रवाल का कहना है कि बेवजह इस चॉइस सेंटर को सील किया गया है. मेरे यहाँ नियम के तहत ही कार्य किया जाता है और एक दिन में केवल 60 ही आधार कार्ड बनाने की क्षमता मुझमे है इससे अधिक मेरे द्वारा नहीं बनाया जा सकता. तहसीलदार ने जनपद में बैठने का हवाला देकर मेरे चॉइस सेंटर को शील कर दिया है जबकि ऐसा कोई नियम ही नहीं है.

वहीं नायब तहसीलदार के.के चन्द्राकर से इस मामले में पूछने पर बताया गया कि मां दुर्गा चॉइस सेंटर बसना में आधार पंजीयन हेतु आम लोगों से निःशुल्क फार्म का 10 रुपये एवं आधार पंजीयन हेतु शासन के निर्धारित दर से अत्यधिक रकम लेकर किए जाने की शिकायत मिल रही थी. जिसके बाद अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सरायपाली विनय कुमार लंगेह के निर्देश पर आज बसना तहसील, जनपद पंचायत बसना के मुख्य कार्यपालन अधिकारी आर.के .वर्मा एवं पुलिस स्टाफ के द्वारा जांच पड़ताल एवं पंचनामा कार्रवाई के बाद मां दुर्गा चॉइस सेंटर जगदीशपुर रोड बसना को सील किया गया है.  

के.के चंद्राकर ने बताया कि पूर्व में भी इसके चॉइस सेंटर को शील किया गया था क्योंकि नियम के अनुसार उसे जनपद में बैठना था. जिस पर शपथ पत्र देकर उसने जनपद बसना में बैठने का हवाला दिया था जिस पर उसके दुकान को दुबारा खोलने की अनुमति दी गई थी मगर ऐसा कुछ नहीं हुआ और शिकायतें मिलती रही.

जानकारी के अनुसार काफी सारे चॉइस सेंटर में लुट का काम जारी है. गरीबों और अशिक्षित लोगों को इसका सबसे ज्यादा निशाना बनाया जा रहा है. आधार कार्ड नया बनवाने के लिए 200 रूपये से 500 रूपये तक की कमाई लोगों को इनके चरणों में अर्पित करते आ रहें है.

सोशल मिडिया में एक व्यक्ति ने अपना नाम घनश्याम बताते हुए कहा है कि वह भगत देवरी का निवासी है और जब अपना आधार कार्ड बनवाने के लिए वह पिथौरा के टेका में साहू च्वाईस सेंटर गया था तो उससे 500 रुपये ले लिए गए थे. वहीं आधार में गलती सुधरवाने के लिए भी लोगों को 200 रुपये से 500 रूपये तक की राशि देनी पड़ रही है. जिसके चलते लोग सरायपाली और पिथौरा में भी इस तरह की कार्रवाही की मांग कर रहें है.  

सोशल मिडिया में कुछ लोगों ने जानकारी दी है कि माँ दुर्गा चॉइस सेंटर पहले बसना ब्लाक के अंतर्गत ग्राम पंचायत नौगढ़ी में था जहाँ के ग्रामीण उसकी अनियमितता को लेकर काफी परेशान रहे थे.

कल 19 जुलाई से तहसील कार्यालय बसना में होगा आधार पंजीयन

मां दुर्गा चॉइस सेंटर को सील करने बाद अब आम लोगों से निःशुल्क फार्म का 10 रुपये एवं आधार पंजीयन हेतु शासन के निर्धारित दर से अत्यधिक रकम लेकर किए जाने की शिकायत मिलने के बाद अब आधार पंजीयन के लिए वैकल्पिक व्यवस्था हेतु कल 19 जुलाई 2019 से लोक सेवा केंद्र तहसील कार्यालय बसना में आधार पंजीयन कार्य किया जाएगा. यह जानकारी नायब तहसीलदार बसना के के चंद्राकर ने cgsandesh.com को दी.




अन्य सम्बंधित खबरें