3 दिनों से सचिव नदारद, राशन कार्ड नवीनीकरण के लिए भटक रहे ग्रामीण, सीईओ के निर्देश पर छापामार कार्यवाही
छत्तीसगढ़ शासन के महत्वपूर्ण योजना राशन कार्ड नवीनीकरण हेतु हितग्राहियों से 15 जुलाई से 29 जुलाई 2019 तक आवेदन लेने का कार्य बसना विकासखंड के सभी 101 पंचायतों में युद्ध स्तर पर चल रहा है शासन की महत्वाकांक्षी योजना को मूर्त रूप देने के लिए विभागीय अधिकारी मुस्तैद हैं लेकिन बसना विकासखंड के ग्राम पंचायत बड़े टेमरी के ग्राम पंचायत सचिव द्वारा शासन के इस योजना का खिल्ली उड़ाया जा रहा है ।
पंचायत सचिव हेतराम निषाद 16 तारीख से 19 जुलाई तीन तक नदारद है । पंचायत सचिव के तीन दिनों से नहीं आने एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के समय पर नहीं आने से राशन कार्ड धारी महिला हितग्राहियों को आवेदन देने के लिए दर-दर की ठोकरें खाना पड़ रहा है । महिला हितग्राही सुबह 9:00 बजे से आकर दर दर भटक कर घर चले जाते हैं । लेकिन उनका सुनने वाला कोई नहीं है।
ग्राम पंचायत भवन में लगे ताले के कारण बाहर बैठे हुए लोग विगत 3 दिनों से अपने राशन कार्ड सत्यापन कराने हेतु आवेदन देने आ रहे हैं । लेकिन पंचायत सचिव के मुख्यालय नहीं आने के कारण उनके राशन कार्ड नवीनीकरण का काम नहीं हो पा रहा है । जिससे वे दर-दर की ठोकरें खा रहे हैं ।
ग्रामीणों की इस गंभीर समस्या को आर के वर्मा मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत बसना को अवगत कराने पर वर्मा ने गंभीरता से लेते हुए जनपद पंचायत बसना के वरिष्ठ करारोपण अधिकारी संतलाल साहू को ग्राम पंचायत बड़ेटेमरी का निरीक्षण कर वहां उपस्थित लोगों का पंचनामा कार्यवाही कर रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए ।
जनपद पंचायत बसना के मुख्य कार्यपालन अधिकारी आर के वर्मा के निर्देश पर वरिष्ठ करारोपण अधिकारी संतलाल साहू 12:30 बजे ग्राम पंचायत भवन बड़े टेमरी पहुंचे । पंचायत सचिव नदारद रहे 1:30 बजे तक तीनों आंगनबाड़ी कार्यकर्ता भी पंचायत भवन नहीं पहुंच पाए थे, करारोपण अधिकारी ने वहां उपस्थित राशन कार्ड धारी हितग्राहियों से बारी बारी से पूछताछ किया ।
ग्रामीणों से पूछताछ करने के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ करारोपण अधिकारी संतलाल साहू ने उपस्थित लोगों के समक्ष पंचनामा रिपोर्ट तैयार की । उपस्थित ग्रामीणों ने करारोपण अधिकारी को बताया कि राशन कार्ड नवीनीकरण कार्य के लिए निर्धारित तिथि 15 जुलाई को प्रथम दिन ही ग्राम पंचायत के सचिव हेतराम निषाद आए थे । और फार्म बांट कर चले गए थे । उसके बाद 16 जुलाई से 19 जुलाई तक वह 1 दिन भी ग्राम पंचायत भवन नहीं आया है । रोजगार सहायक 2 दिन तक छुट्टी में थी । आज 19 जुलाई को दोपहर 1:00 बजे तक तीनों गांव के आंगनबाड़ी कार्यकर्ता भी पंचायत भवन नहीं पहुंचे थे ।
15 जुलाई को नहीं मिला एक भी आवेदन जनपद को जीरो रिपोर्ट भेजा
यहां यह बताना लाजिमी होगा कि पंचायत सचिव की लापरवाही के कारण प्रथम दिन 15 जुलाई का एक भी आवेदन ग्राम पंचायत को प्राप्त नहीं हुआ था । जिसके कारण जनपद पंचायत बसना को रिपोर्ट भी निरंक भेजा गया । यह जानकारी वरिष्ठ करारोपण अधिकारी सन्त लाल साहू ने दी ।
पंचायत में जमा आवेदन 161 आवेदन आधा अधूरा या गलत
सचिव के अनुपस्थिति में यहां प्राप्त किए गए 161 फार्म करारोपण अधिकारी को आधे अधूरे एवं गलत मिला । उन्होंने सभी फार्म की जांच कर नए सिरे से फार्म प्राप्त करने के निर्देश उपस्थित रोजगार सहायक को दिए ।
3 दिनों से राशन कार्ड सत्यापन कराने भटक रहे थे ग्रामीण
ग्राम पंचायत भवन बड़े टेमरी के रोड किनारे आज बड़ी संख्या में महिलाओं और ग्रामीणों से पूछताछ किया गया, वहां उपस्थित श्रीमती बसंता पति मानसिंह, श्रीमती मालती बाई पति परदेसी श्रीमती मनकुवंर पति सादराम, खीरो बाई पति मोहितराम, परदेसी राम पिता सकीर्तन, गुमान सिंह पिता गणेश, प्रेम शंकर पिता भगवानों, सुखीराम पिता गुलसिंह, विश्राम पिता होरी राम सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि विगत 3 दिनों से ग्राम पंचायत बड़े टेमरी के सचिव नहीं आ रहे हैं । जिससे राशन कार्ड सत्यापन कार्यवाही एवं आवेदन लेने की कार्यवाही सही ढंग से नहीं हो पा रही है । उन्हें 3 दिनों से रोज-रोज मजबूर हो कर आना पड़ रहा है । सही निर्देश के अभाव में फार्म को बार-बार बदलना पड़ रहा है । सभी लोग दर-दर की ठोकरे खाने मजबूर हैं ।