छत्तीसगढ़ : फर्जी मार्कशीट से भर्ती मामले में खुलासा, 4 गिरफ... - CG Sandesh

छत्तीसगढ़ : फर्जी मार्कशीट से भर्ती मामले में खुलासा, 4 गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले से फर्जी मार्कशीट से भर्ती का मामला सामने आया है. मामले में FIR के बाद पुलिस ने चार महिलाओं को गिरफ्तार किया है. इनके द्वारा आंगनबाड़ी सहायिका के पदों पर नियुक्ति के लिए एक स्कूल से कक्षा 8वीं की फर्जी मार्कशीट बनवाई गई थी.

मिली जानकारी के अनुसार, आंगनबाड़ी सहायिका के पदों पर फर्जी अंकसूची के आधार पर नियुक्ति किये जाने संबंधी शिकायत कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत किया गया. शिकायत आवेदन को समय-सीमा में दर्ज करते हुये जिला शिक्षा अधिकारी एवं अनुविभागीय अधिकारी शंकरगढ़ को जांच कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिये गये. जिला शिक्षा अधिकारी जिला द्वारा तीन सदस्यीय जांच दल का गठन कर जांच कराया गया. इसके बाद जिला शिक्षा अधिकारी एवं अनुविभागीय अधिकारी (रा0) शंकरगढ़ द्वारा संयुक्त जांच दल द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदन के आधार पर अनुशंसा सहित प्रतिवेदन कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत किया गया.

जांच दल द्वारा शिकायत के संबंध में कार्यालय परियोजना अधिकारी एकीकृत बाल विकास सेवा परियोजना शंकरगढ़ में दस्तावेजों का अवलोकन किया गया. इस दौरान पता चला कि आंगनबाड़ी सहायिका भर्ती में आंगनबाड़ी केन्द्र बहेराटोली, जारगीम, कटहरपारा, महुआडीह धाजापाठ, कोठली, डूमरपानी, बेलकोना के रिक्त पद के विरूद्ध प्राप्त आवेदन में अरमाना पति समसेर आलम, रीजवाना पति अमरूद्दीन, प्रियंका यादव पति आशीष यादव, सुशीला सिंह पति उमाशंकर के द्वारा अजीजी पब्लिक स्कूल भगवतपुर/कुसमी का कक्षा 8 वीं का अंकसूची संलग्न किया गया है. इसी के आधार पर उनकी नियुक्ति आंगनबाड़ी सहायिका के पद पर की गई है.

प्रथम दृष्टया संदेहास्पद प्रतीत होने पर जांच दल द्वारा आंगनबाड़ी केन्द्र की भर्ती प्रक्रिया की सूक्ष्म जांच की गई. जांच में खुलाशा हुआ कि आंगनबाड़ी सहायिका की नियुक्ति संगठित रूप से अपराधिक षडयंत्र करते हुए कूटरचना कर फर्जी अंकसूची के आधार पर किया गया है.

मामले में पुलिस ने अरमाना, रीजवाना, प्रियंका यादव, सुशीला सिंह व अन्य के खिलाफ धारा 318(2)-BNS, 318(4)-BNS, 336(3)-BNS, 338-BNS, 340(2)-BNS, 61(2)-BNS के तहत अपराध कायम किया है.


author

त्रिवेन्द्र जगत

त्रिवेन्द्र जगत एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार और cgsandesh.com के लेखक हैं। स्नातक की डिग्री और पत्रकारिता में 7+ वर्षों के अनुभव के साथ, वे पाठकों के लिए शिक्षा, करियर, करंट अफेयर्स और सरकारी योजनाओं से जुड़ी हर छोटी-बड़ी और महत्वपूर्ण खबर लेकर आते हैं। सही, सटीक और समय पर जानकारी देना ही उनका मुख्य लक्ष्य है।
अन्य सम्बंधित खबरें