बसना : दहेज प्रताड़ना से तंग आकर महिला पहुंची थाने
छोटी-छोटी बातों को लेकर करते थे शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित
बसना थाने में एक महिला ने दहेज़ के नाम पर शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए अपने पति, सास-ससुर और जेठ-जेठानी के विरूद्ध शिकायत दर्ज करायी है. आरोप है कि शादी के करीब 3 माह बाद से ही पीड़िता को मायके का जमीन बेचकर 10 लाख रूपये और बाइक लाने के लिए कहते थे और शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे.
पीडिता चांदनी नायक (30) ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया है कि वह जांजगीर चांपा जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र के ग्राम जेवरा की निवासी है. 10 मई 2022 को उसकी शादी ग्राम बिछिया (बसना) के देवानंद नायक से सामाजिक रीति रिवाज से हुई है. उनका एक 02 वर्षीय बेटा है. आरोप है कि शादी के करीब 03 माह बाद से पीडिता की सास भगवती नायक उसे बोलती है कि अपने मायके का जमीन घर को बेचकर दहेज में 10 लाख रूपये लेकर आना तभी तुमको रखेंगे वरना यहां तेरा कोई नहीं है. पीड़िता को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता है.
पीड़िता की सास के बात में हां से हां मिलाकर पीड़िता के ससुर बोधन नायक, जेठ दशरथ नायक, जेठानी अनिता नायक सभी मिलकर अश्लील गाली गलौच कर जान से मारने की धमकी देते हुए तुमको दहेज में स्कूटी दिये हैं उसके बदले में मोटर सायकल लेकर आना कहते हैं तथा छोटी-छोटी बात को लेकर शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करते हैं.
शिकायत में आगे बताया गया है कि पीड़िता के पति देवानंद नायक भी आये दिन मायके से 10 लाख रूपये व मोटर सायकल लेकर आना बोलकर मारपीट कर शारीरिक एवं मानसिक प्रताड़ित करते हैं. उनके प्रताड़ना से परेशान होकर पीड़िता 17 अगस्त 2025 से अपने मायके ग्राम जेवरा में अपनी मां के साथ रहकर जीवन यापन कर रही है.
प्रताड़ना से तंग आकर पीड़िता बसना थाने पहुंची और मामले की शिकायत दर्ज करायी. पुलिस ने मामले में आरोपी पति देवानंद सास-ससुर, जेठ-जेठानी के विरूद्ध धारा 115(2)-BNS, 296-BNS, 3(5)-BNS, 351(3)-BNS, 85-BNS के तहत अपराध कायम किया है.