
मोबाइल पर मिलेगी ग्राम पंचायत के फण्ड, आय-व्यय सहित कई जानकारियाँ
नागरिक अब अपने पंचायतों के फण्ड, आय-व्यय सहित कई जानकारियाँ अपने मोबाइल पर प्राप्त कर सकते हैं। इसमें विकास कार्यों की सभी जानकारी फोटो के साथ उपलब्ध होती है। नागरिकों को इसके लिए ‘मेरी पंचायत’ मोबाइल ऐप डाउनलोड करना होगा.
मेरी पंचायत ऐप राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) द्वारा डिजाइन और विकसित एक एकीकृत मोबाइल गवर्नेंस प्लेटफॉर्म के रूप में कार्य करता है। यह पंचायती मामलों में पारदर्शिता, जवाबदेही और नागरिक भागीदारी को बढ़ावा देकर ग्रामीण समुदायों को सशक्त बनाता है। यह पहल स्थानीय स्वशासन को मजबूत करने और 2030 तक सतत विकास लक्ष्यों (एसडीजी) को आगे बढ़ाने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। यह ऐप ई-ग्रामस्वराज द्वारा संचालित है और पंचायती राज मंत्रालय और भारत सरकार के अन्य पोर्टलों से जुड़ा हुआ है।
यह ऐप 2.65 लाख ग्राम पंचायतों के 25 लाख से ज्यादा निर्वाचित प्रतिनिधियों और लगभग 95 करोड़ ग्रामीण निवासियों को सशक्त बनाता है। यह प्लेटफॉर्म ग्रामीण शासन में डिजिटल समावेशन, पारदर्शिता और नागरिक भागीदारी को बढ़ावा देता है।
मेरी पंचायत ऐप पर मिलेगी यह जानकारी -
- रीयल-टाइम पंचायत बजट, प्राप्तियां, भुगतान और विकास योजनाएं।
- निर्वाचित प्रतिनिधियों और स्थानीय पदाधिकारियों का विवरण।
- पंचायत के अंतर्गत सार्वजनिक अवसंरचना और नागरिक सेवाओं की जानकारी।
- परियोजना ट्रैकिंग के साथ ग्राम पंचायत विकास योजनाएं (जीपीडीपी)।
- पंचायत स्तर पर मौसम पूर्वानुमान।
- सामाजिक लेखा परीक्षा टूल्स, निधि उपयोग डेटा और जियो-टैग्ड और जियो-फेंस्ड सुविधाओं के साथ शिकायत निवारण।
- समावेशिता के लिए 12 से अधिक भारतीय भाषाओं के समर्थन के साथ बहुभाषी इंटरफेस।