
बसना : दीपावली पर्व के उपलक्ष्य में “दिया सजाओ कार्यक्रम” का आयोजन
बसना। पीएम श्री सेजेस बसना में दीपावली पर्व के उपलक्ष्य में “दिया सजाओ कार्यक्रम” का आयोजन बड़े उत्साह और उल्लास के साथ किया गया। यह कार्यक्रम विद्यालय के प्राचार्य श्री के.के. पुरोहित के मार्गदर्शन में तथा प्रधानपाठक श्री एच.आर. साव के सहयोग से संपन्न हुआ।
इस अवसर पर कक्षा चौथी के बच्चों ने अपनी सृजनात्मक प्रतिभा का परिचय देते हुए मिट्टी के दीयों को रंग, चमकी, मोती, सजावटी पट्टियों और कलात्मक डिज़ाइनों से सजाया। बच्चों द्वारा तैयार किए गए रंग-बिरंगे दीयों की आकर्षक प्रदर्शनी विद्यालय परिसर में लगाई गई, जिसे देखकर सभी शिक्षकों और विद्यार्थियों ने उनकी सराहना की।
कार्यक्रम का संचालन कमला पटेल ने किया। उन्होंने बच्चों को दीपावली पर्व के महत्व के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने समझाया कि दीपावली का त्योहार अंधकार पर प्रकाश, अज्ञान पर ज्ञान और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है। यह पर्व भगवान श्रीराम के चौदह वर्षों के वनवास के पश्चात अयोध्या लौटने की स्मृति में मनाया जाता है। इस दिन लोग अपने घरों में दीप जलाकर, मिठाइयाँ बाँटकर और खुशियाँ मनाते हैं।
बच्चों ने भी जाना कि दीपावली केवल प्रकाश का त्योहार नहीं, बल्कि यह सच्चाई, सद्भावना और परस्पर प्रेम का संदेश देने वाला पर्व है। इस प्रकार ज्ञानवर्धक जानकारी और रचनात्मक गतिविधियों के साथ “दिया सजाओ” कार्यक्रम अत्यंत सफल और प्रेरणादायी सिद्ध हुआ। अंत में विद्यालय परिसर दीपों की मनमोहक रोशनी से जगमगा उठा और बच्चों के चेहरों पर प्रसन्नता झलकने लगी।