news-details

मशहूर अभिनेता का निधन, फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर

कॉमेडी फिल्मों से दर्शकों को गुदगुदाने वाले अभिनेता सतीश शाह का किडनी फेल होने से निधन हो गया। फिल्म निर्माता अशोक पंडित ने सोशल मीडिया पर उनके निधन की पुष्टि करते हुए भावुक पोस्ट साझा किया।

हिंदी सिनेमा और टीवी जगत के मशहूर अभिनेता सतीश शाह का निधन हो गया है। उनके निधन की खबर से प्रशंसकों और फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है।

फिल्म निर्माता अशोक पंडित ने सोशल मीडिया पर उनके निधन की पुष्टि की। उन्होंने इंस्टाग्राम पर सतीश शाह की तस्वीर साझा करते हुए लिखा, “आपको यह बताते हुए दुख हो रहा है कि हमारे प्रिय मित्र और शानदार अभिनेता सतीश शाह का कुछ घंटे पहले किडनी फेल होने से निधन हो गया। उन्हें हिंदुजा अस्पताल ले जाया गया था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली।” अशोक पंडित ने इसे फिल्म उद्योग के लिए “बहुत बड़ी क्षति” बताया और श्रद्धांजलि दी।

सतीश शाह का जन्म एक गुजराती परिवार में हुआ था। वे टीवी और फिल्मों दोनों में अपने कॉमिक किरदारों से पहचाने जाते थे। उन्होंने छोटे या बड़े, हर रोल को पूरे समर्पण के साथ निभाया।

सतीश शाह ने अपने करियर की शुरुआत 1970 में फिल्म ‘भगवान परशुराम’ से की थी, लेकिन पहचान उन्हें 1983 की क्लासिक फिल्म ‘जाने भी दो यारों’ से मिली, जो उनके करियर का मील का पत्थर साबित हुई।

उन्हें आखिरी बार 2014 में रिलीज हुई फिल्म ‘हमशक्ल’ में देखा गया था, जिसमें सैफ अली खान, रितेश देशमुख और राम कपूर मुख्य भूमिकाओं में थे।


अन्य सम्बंधित खबरें