नवीनीकरण फॉर्म की एन्ट्री में सरायपाली जनपद प्रदेश में छठवें स्थान पर, आगामी दो दिनों में एन्ट्री का कार्य हो सकता है पूरा
सरायपाली. राशनकार्ड नवीनीकरण प्रक्रिया की समाप्ति के बाद अब नवीनीकरण के लिए प्राप्त फॉर्मों की एन्ट्री का कार्य जनपद एवं नगरपालिका में जोर-शोर से चल रहा है. जनपद में 48404 उपभोक्ता हैं, जिसमें से 46585 उपभोक्ताओं का नवीनीकरण फार्म जमा हो चुका है, जिसमें अब तक 40652 फॉर्म की एन्ट्री हो चुकी है.
इसी तरह नगर पालिका में भी 4043 उपभोक्ता हैं और 3828 उपभोक्ताओं का नवीनीकरण का फॉर्म जमा हुआ है, जिसमें से 3641 फॉर्म की एन्ट्री भी हो चुकी है. पूरे प्रदेश में राशनकार्ड नवीनीकरण की एन्ट्री करने में सरायपाली जनपद 6वें स्थान पर है. पूर्व में नवीनीकरण फॉर्म एन्ट्री की तिथि 20 अगस्त निर्धारित थी, लेकिन आज भी नवीनीकरण का कार्य चल रहा है.आगामी 1 सितम्बर से सभी राशनकार्ड उपभोक्ताओं को नया राशनकार्ड वितरण भी किया जाना है. इसके लिए फार्म एंट्री पश्चात सभी उपभोक्ताओं का पीडीएफ फाईल बनाया जाएगा. तत्पश्चात नए कार्ड उपभोक्ताओं को प्रदान किये जायेंगे. राशनकार्ड एंट्री का कार्य अब तक ब्लॉक में 83.9 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है. कार्य को देखते हुए आगामी 1-2 दिनों में 100 प्रतिशत एंट्री होने की बात कही जा रही है. इसी तरह नगरपालिका में अब तक 93 प्रतिशत नवीनीकरण फॉर्म की एन्ट्री हो चुकी है.
यहाँ भी एक-दो दिनों में सभी उपभोक्ताओं का फॉर्म एन्ट्री हो जाने की बात कही जा रही है. फॉर्म एन्ट्री के बाद संभावना व्यक्त की जा रही है कि 1 सितंबर से ही सभी उपभोक्ताओं को नए राशन कार्ड वितरण की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी. जानकारी अनुसार राशन कार्ड जनपद एवं नपा में आ चुका है. एन्ट्री पश्चात पीडीएफ फाईल का कार्य शेष रहेगा, तत्पश्चात पीडीएफ फाईल को नए राशन कार्ड में अटैच कर वितरण होगा.राशनकार्ड बनने के पूर्व से विगत माह भर से उपभोक्ताओं को शासकीय राशन दुकानों से संख्या अनुसार राशन भी मिलना शुरू हो गया है. नए राशन कार्ड आते ही सभी उपभोक्ता पुराने राशन कार्ड जमा कर नए कार्ड लेंगे. 5 वर्ष में एक बार राशनकार्डों के नवीनीकरण की प्रक्रिया होती है, इसी के तहत इस वर्ष भी नवीनीकरण की प्रक्रिया की गई है. मृत व्यक्तियों एवं अपात्रों के नाम को काटा गया है एवं नवीनीकरण का फॉर्म भरवाया गया है, जिससे उपभोक्ताओं की संख्या में भी कमी आई है. तो वहीं कुछ आधार कार्ड अनिवार्यता के चलते भी नवीनीकरण करवाने से वंचित रह गए हैं.
खाद्य विभाग से मिली जानकारी अनुसार नीला कार्ड धारियों को अगस्त माह से जो पूर्व में एक सदस्य के पीछे 7 किलो मिलता था, उसे अब 10 किलो दिया जा रहा है. वहीं 2 सदस्यों में 20 किलो एवं 3,4 व 5 सदस्यों में 35 किलो तथा 6 सदस्य होने पर 42 किलो राशन दिया जा रहा है. इसके अलावा इस बार नए राशन कार्डों के रंगों में भी परिवर्तन किया गया है.