news-details

CG : दो अलग-अलग मुठभेड़ों में मारे गए 14 माओवादी

बस्तर संभाग में आज सुरक्षा बलों और माओवादियांं के बीच हुई दो अलग-अलग मुठभेड़ों में 14 माओवादी मारे गए हैं। सभी माओवादियों के शव बरामद कर लिए गए हैं। मुठभेड़ में माओवादी कमांडर सचिन मंगडू भी मारा गया है।  

मिली जानकारी के अनुसार बीजापुर और सुकमा जिलों के दक्षिणी क्षेत्रों में सशस्त्र माओवादियों की मौजूदगी की सूचना के आधार पर डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड-डीआरजी की टीमें रवाना की गई थीं। सुकमा जिले में तलाशी अभियान के दौरान कोंटा स्थित किस्टाराम के जंगलों मेंं पहले से घात लगाए माओवादियों ने सुरक्षा बलों पर फायरिंग शुरू कर दी। 

सुरक्षा बलों की जवाबी कार्रवाई में बारह माओवादी मारे गए। वहीं, बीजापुर जिले के बासागुड़ा इलाके में हुई मुठभेड़ में दो माओवादी मारे गए हैं। दोनों जगहों पर घटनास्थल से भारी मात्रा में एके सैंतालीस, इंसास और एसएलआर रायफल जैसे हथियार बरामद किए गए हैं। क्षेत्र में तलाशी अभियान जारी है।
 
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सुरक्षा बलों की सफलता पर उन्हें बधाई दी है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा बलों की सटीक रणनीति, सतत दबाव और मजबूत जमीनी पकड़ के चलते माओवादी नेटवर्क तेजी से ढह रहा है। साय ने कहा कि बस्तर अब विकास और सुरक्षा के मार्ग पर मजबूती से आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री ने फिर कहा है कि जो नक्सली अब भी हिंसा का रास्ता चुन रहे हैं, वे आत्मसमर्पण करें, पुनर्वास नीति अपनाएं और सम्मान के साथ मुख्यधरा में लौटें।


अन्य सम्बंधित खबरें