CG : धान खरीदी केंद्र में घुसा दंतैल हाथी, खौफ के बीच धान की खरीदी
आकांक्षी जिला कोरबा में धान खरीदी का काम काफी तेज गति से चल रहा है। कोरबा के करतला और कुदमुरा वन परिक्षेत्र में हाथियों की मौजूदगी है। एक दिन पहले ही कुदमुरा के चचिया धान खरीदी केंद्र में एक दंतैल हाथी घुस गया, जिससे वहां मौजूद लोग दहशत में आ गये। कोरबा वन मंडल के एसडीओं आशीष खेलवार ने बताया कि कुदमुरा और करतला वन परिक्षेत्र हाथी प्रभावित है। इन क्षेत्रों में धान खरीदी को देखते हुए वन विभाग की टीम सतत क्षेत्र में निगरानी रखने के साथ ही धान खरीदी केद्रों में पर्याप्त लाइट की व्यवस्था की गयी है। ताकि हाथी धान खरीदी केंद्रो से दूर रहे।
वहीं करतला के कुदमुरा, चचिया और नवापारा धान संग्रहण केंद्र में किसान लगातार धान बेचने आ रहे है। नवापारा संग्रहण केंद्र के नोडल अधिकारी गजेंद्र सिंग कंवर ने बताया कि करतला क्षेत्र हाथी प्रभावित है। यहां धान खरीदी के साथ ही धान की सुरक्षा के बाड़ा लगाने के साथ ही लाइट की व्यवस्था की गयी है, ताकि हाथी धान को नुकसान न पहुंचा सके।
गौरतलब है कि आकांक्षी जिला कोरबा में हर साल की तरह इस साल भी धान की बंपर पैदावार हुई है। धान संग्रहण केंद्रो में जहां किसान लगातार धान की बिक्री कर रहे है। वहीं हाथी प्रभावित क्षेत्रों में हाथी की मौजूदगी के बीच भी धान खरीदी का कार्य निर्बाध रूप से जारी है।