news-details

प्रधानमंत्री धन धान्य कृषि योजना से बदली किसान की जिंदगी

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा किसानों की आय बढ़ाने और कृषि विविधीकरण को प्रोत्साहित करने के लिए चल रहे प्रयास निरंतर प्रभावी परिणाम दे रहे हैं। जशपुर जिले के बगीचा विकासखंड के कृषक बलदेव राजवाड़े भी इन प्रयासों से लाभान्वित होकर अपनी खेती में नई दिशा प्राप्त कर रहे हैं।

प्रधानमंत्री धन धान्य कृषि योजना के अंतर्गत नेशनल मिशन ऑन एडिबल ऑयल्स (तिलहन) घटक से कृषक बलदेव राजवाड़े को कृषि विभाग द्वारा सरसों बीज, सूक्ष्म पोषक तत्व खाद तथा कीटनाशक सामग्री अनुदान पर उपलब्ध कराई गई। उन्होंने 1 हेक्टेयर क्षेत्र में सरसों की खेती की, जिसकी फसल इस समय उत्कृष्ट स्थिति में है।

कृषि विभाग के ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी मनीष कुमार गुप्ता ने समय-समय पर खेत का निरीक्षण करते हुए तकनीकी मार्गदर्शन प्रदान किया, जिससे खेती की लागत कम रही और फसल विकास बेहतर हुआ।
कृषक राजवाड़े के पास कुल 2.512 हेक्टेयर कृषि भूमि है। वे खरीफ सीजन में धान की खेती करते थे, किंतु रबी सीजन में सिंचाई के अभाव में जमीन खाली रह जाती थी। योजना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने तिलहन फसल अपनाई और सफल परिणाम देखकर प्रसन्न हैं। उन्होंने कहा कि सरसों की अच्छी फसल से खाद्य तेल के लिए बाजार पर निर्भरता कम होगी। बेहतर मूल्य मिलने पर आमदनी भी बढ़ेगी। मैं अन्य किसानों को भी तिलहन फसलों की खेती के लिए प्रेरित करना चाहता हूं, ताकि हम खाद्य तेल उत्पादन में आत्मनिर्भर बन सकें।

यह उदाहरण दर्शाता है कि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और कृषि वैज्ञानिक मार्गदर्शन से किसान न केवल फसल विविधीकरण की ओर अग्रसर हो रहे हैं, बल्कि स्थायी आय एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में भी कदम बढ़ा रहे हैं।


अन्य सम्बंधित खबरें