CG होली से पहले पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 7 आरोपी गिरफ्तार
होली पर्व से पहले अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर नकेल कसते हुए राजनांदगांव पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दो पिस्टल, दो देशी कट्टे और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। आरोपी कथित रूप से बंदूक की नोक पर लोगों को डरा-धमकाकर पैसे वसूल रहे थे। मामले का खुलासा करते हुए पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ युवक शंकरपुर क्षेत्र के पास हथियार के बल पर लोगों से अवैध वसूली कर रहे हैं।
सूचना के आधार पर साइबर सेल और चिखली चौकी पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर घेराबंदी की गई और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपी दुर्ग, धमतरी और राजनांदगांव जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी विक्की डी. देशमुख ने स्वीकार किया है कि हथियार मध्यप्रदेश के धार जिले से खरीदे गए थे। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार सातों आरोपियों के खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में पूर्व से आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस ने आशंका जताई है कि आरोपी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे, लेकिन समय रहते की गई कार्रवाई से संभावित गंभीर घटना टल गई। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ जारी है और हथियार आपूर्ति नेटवर्क की कड़ियों को खंगाला जा रहा है।