छत्तीसगढ़ की माताएं होंगी सशक्त, ग्राम पंचायतें बनाएंगी महतारी सदन
छत्तीसगढ़ की ग्राम पंचायतें अब महतारी सदन का निर्माण करेंगी। इसके लिए ग्राम पंचायतों का चयन क्रियान्वयन एजेंसी के रूप में किया गया है। इस संबंध में पंचायत विभाग द्वारा मार्गदर्शिका भी जारी कर दी गई है। ग्राम पंचायतों को कार्य एजेंसी बनाए जाने से महतारी सदन के निर्माण कार्यों में तेजी आएगी। महतारी सदन के लिए प्रशासकीय स्वीकृति जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा दी जाएगी और तकनीकी मार्गदर्शन ग्रामीण यांत्रिकी सेवा द्वारा प्रदान किया जाएगा।
महतारी सदनों के निर्माण से ग्राम पंचायतें सशक्त होंगी और गांवों में महिलाओं की आर्थिक तथा सामाजिक गतिविधियों में सुधार होगा। यह सदन महिलाओं के लिए बैठक, प्रशिक्षण, स्व-सहायता समूह की गतिविधियों और आजीविका संवर्धन का केंद्र बनेंगे। गौरतलब है कि प्रदेश में तीन सौ अड़सठ महतारी सदनों के निर्माण के लिए सौ करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। वर्तमान में एक सौ सैंतीस महतारी सदनों का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, जबकि शेष निर्माणाधीन हैं।