CG : सगाई के बाद दूल्हा-दुल्हन नहीं करेंगे मोबाइल पर बात, समाज ने बनाया नया नियम
बालोद जिले में सेन समाज ने एक अहम सामाजिक निर्णय लिया है। जिला स्तर की बैठक में सर्वसम्मति से तय किया गया कि समाज के युवक-युवतियां सगाई के बाद और विवाह से पहले आपस में निजी तौर पर मोबाइल फोन पर बातचीत नहीं करेंगे। सेन समाज के पदाधिकारियों के अनुसार, हाल के वर्षों में सगाई के बाद मोबाइल पर अधिक बातचीत के कारण कई रिश्ते विवाह तक पहुंचने से पहले टूट गए। इसी स्थिति को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। आवश्यकता पड़ने पर केवल परिवार के सदस्यों की उपस्थिति या माध्यम से ही संवाद किया जाएगा।
जिला सेन समाज के अध्यक्ष संतोष कौशिक ने बताया कि सामाजिक मर्यादा, पारिवारिक संस्कार और शालीनता को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है। उनका कहना है कि निजी बातचीत के दौरान कई बार ऐसी व्यक्तिगत बातें साझा हो जाती हैं, जो बाद में विवाद और तनाव का कारण बनती हैं। इसी वजह से कुछ रिश्ते सगाई के बाद भी विवाह तक नहीं पहुंच पाते। समाज ने बदलते सामाजिक परिवेश में टूटते रिश्तों को बचाने की पहल के रूप में इस निर्णय को लागू किया है। प्रदेश सेन समाज ने भी इस निर्णय की सराहना की है।