छत्तीसगढ़ में बनेगा देश का पहला ‘साथी बाजार’, किसानों की आय ब... - CG Sandesh

छत्तीसगढ़ में बनेगा देश का पहला ‘साथी बाजार’, किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम

किसानों और महिला स्व-सहायता समूहों के उत्पादों की बिक्री को बढ़ावा देने तथा उनकी आय में वृद्धि के उद्देश्य से दुर्ग में देश के पहले ‘साथी बाजार’ का शिलान्यास किया गया। कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने भूमि पूजन कर निर्माण कार्य की शुरुआत की। लगभग 60 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस परियोजना के शिलान्यास कार्यक्रम में मंत्री गजेंद्र यादव तथा दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर भी उपस्थित रहे। यह ‘साथी बाजार’ छत्तीसगढ़ राज्य बीज विकास निगम के सहयोग से विकसित किया जाएगा।

परिसर में कृषि उपज और महिला समूहों के उत्पादों की बिक्री के लिए आधुनिक दुकानें, लगभग 5 हजार टन क्षमता का कोल्ड स्टोरेज, फूड पार्क, सुपर बाजार सहित अनेक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि यह परियोजना किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है और विकसित भारत के निर्माण में सहायक सिद्ध होगी। विधायक ललित चंद्राकर ने इसे ऐतिहासिक पहल बताते हुए कहा कि साथी बाजार के निर्माण से क्षेत्र में बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे।

छत्तीसगढ़ राज्य बीज विकास निगम के अध्यक्ष चन्द्रहास चंद्राकर ने बताया कि आम उपभोक्ताओं और किसानों की जरूरतों को ध्यान में रखकर साथी बाजार का निर्माण किया जा रहा है, जिसे आगामी दो वर्षों में पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। इस अवसर पर बीज विकास निगम परिसर में किसानों के लिए निर्मित प्रशिक्षण केंद्र और छात्रावास का भी कृषि मंत्री द्वारा लोकार्पण किया गया।


author

त्रिवेन्द्र जगत

त्रिवेन्द्र जगत एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार और cgsandesh.com के लेखक हैं। स्नातक की डिग्री और पत्रकारिता में 7+ वर्षों के अनुभव के साथ, वे पाठकों के लिए शिक्षा, करियर, करंट अफेयर्स और सरकारी योजनाओं से जुड़ी हर छोटी-बड़ी और महत्वपूर्ण खबर लेकर आते हैं। सही, सटीक और समय पर जानकारी देना ही उनका मुख्य लक्ष्य है।
अन्य सम्बंधित खबरें