CG : अटल वयो अभ्युदय योजना के तहत 25 वरिष्ठ नागरिक एम्स रायप... - CG Sandesh

CG : अटल वयो अभ्युदय योजना के तहत 25 वरिष्ठ नागरिक एम्स रायपुर रवाना

राजनांदगांव जिले को मोतियाबिंद मुक्त बनाने के उद्देश्य से संचालित अटल वयो अभ्युदय योजना के अंतर्गत चिन्हित 25 वरिष्ठ नागरिकों को उपचार हेतु अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान रायपुर के लिए रवाना किया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष किरण वैष्णव ने बस को हरी झंडी दिखाकर विदा किया। इस अभियान के तहत जिले के बुजुर्गों का एम्स रायपुर में मोतियाबिंद का नि:शुल्क ऑपरेशन किया जाएगा। केंद्र सरकार द्वारा छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश को मोतियाबिंद मुक्त बनाने के उद्देश्य से अटल वयो अभ्युदय योजना के माध्यम से यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। 

समाज कल्याण विभाग की उप संचालक वैशाली मरडवार ने बताया कि जिले को 100 वरिष्ठ नागरिकों के मोतियाबिंद ऑपरेशन का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। प्रथम चरण में 25 चयनित वरिष्ठ नागरिकों को उनके परिजनों सहित एम्स रायपुर भेजा गया है। यहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम द्वारा जांच के बाद नि:शुल्क ऑपरेशन किया जाएगा। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष किरण वैष्णव एवं उपाध्यक्ष किरण साहू ने कहा कि मोतियाबिंद मुक्त अभियान के लिए अटल वयो अभ्युदय योजना अत्यंत कारगर साबित हो रही है। इससे बुजुर्गों को बेहतर नेत्र स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी और उनकी जीवन गुणवत्ता में सुधार आएगा। योजना के अंतर्गत 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों का नेत्र परीक्षण एवं नि:शुल्क उपचार किया जाता है।


अन्य सम्बंधित खबरें