news-details

CG : नकली नोटों का जखीरा बरामद, सामने आये कई चौंकाने वाले मामले

छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में पुलिस ने नकली नोटों का बड़ा जखीरा बरामद किया है। पुलिस ने करीब साढ़े छह लाख रुपये के नकली नोटों के साथ एक आरोपी युवक को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के दौरान मामले में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। आरोपी युवक नशे का आदी बताया जा रहा है और खुद पर चढ़े लाखों रुपये के कर्ज से छुटकारा पाने के लिए उसने अपने घर में ही प्रिंटर और अन्य उपकरणों की मदद से नकली नोट छापना शुरू कर दिया था। पूरा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

दरअसल, पुलिस को सूचना मिली थी कि शहर के नए बस स्टैंड में एक युवक संदिग्ध अवस्था में घूम रहा है। सूचना के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर युवक को हिरासत में लिया। युवक के पास मौजूद बैग की तलाशी लेने पर उसमें भारी मात्रा में नगदी बरामद हुई। जांच के दौरान सभी नोट नकली पाए गए, जिसके बाद पुलिस ने युवक से कड़ाई से पूछताछ की।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उस पर काफी कर्ज हो गया था और वह नशे का आदी भी है। आर्थिक तंगी से परेशान होकर उसने अपने घर में प्रिंटर एवं अन्य जरूरी सामग्री की व्यवस्था कर नकली नोट छापना शुरू कर दिया। आरोपी बस स्टैंड में इन नकली नोटों को खपाने की तैयारी में था, तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

पुलिस के सामने अब यह भी बड़ा सवाल है कि आरोपी ने नकली नोट बनाने की तकनीक आखिर कहां से सीखी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी के साथ इस गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा अब तक कितने नकली नोट बाजार में खपाए जा चुके हैं। पूरे मामले को लेकर कांकेर एसपी निखिल राखेचा ने कहा कि नकली नोटों के नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की जांच जारी है। पुलिस जल्द ही मामले में बड़ा खुलासा कर सकती है।


अन्य सम्बंधित खबरें