news-details

दोबारा आयोजित होगी नीट यूजी की परीक्षा, अगले वर्ष से होगी CBT

राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने नीट यूजी 2026 की पुनर्परीक्षा 21 जून को आयोजित करने की घोषणा की है। सोशल मीडिया पोस्ट में एजेंसी ने उम्मीदवारों और अभिभावकों से केवल एनटीए के आधिकारिक चैनलों पर ही भरोसा करने का अनुरोध किया है। इससे पहले, इस महीने की 3 तारीख को आयोजित होने वाली परीक्षा कथित पेपर लीक के कारण रद्द कर दी गई थी और सीबीआई इस मामले की जांच कर रही है। आगामी राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा – नीट परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा के लिए कल रात केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के आवास पर एक उच्च स्तरीय बैठक हुई। बैठक के दौरान, नीट परीक्षा को सुचारू और प्रभावी ढंग से आयोजित करने के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में उच्च शिक्षा सचिव, विद्यालय शिक्षा सचिव, राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) के महानिदेशक, सीबीएसई के अध्यक्ष और केंद्रीय विद्यालय संगठन और नवोदय विद्यालय समिति के आयुक्तों सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

शिक्षा मंत्री धर्मेन्‍द्र प्रधान ने कहा है कि विद्यार्थी सरकार की प्राथमिकता हैं और सरकार उनके लिए संवेदनशील है। नई दिल्ली में संवाददाता सम्‍मेलन में  प्रधान ने कहा कि राष्‍ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने नीट-यूजी 2026 परीक्षा दोबारा 21 जून को आयोजित करने की घोषणा की है। उन्‍होंने कहा कि परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को 14 जून तक प्रवेश कार्ड उपलब्‍ध करा दिए जाएंगे।

परीक्षा अगले वर्ष से कम्‍प्‍यूटर आधारित यानी सीबीटी माध्‍यम से होगी। शिक्षा मंत्री ने कहा कि एनटीए में ठोस सुधारों की जरूरत है। उन्‍होंने कहा कि भविष्‍य में किसी भी तरह की अनियमितताओं को रोकने के लिए परीक्षा प्रणाली को सुदृढ़ करने संबंधी उपाय किए जाएंगे। प्रधान ने कहा कि सरकार नहीं चाहती कि कोई भी योग्‍य विद्यार्थी फर्जी उम्‍मीदवारों की धांधली या शिक्षा माफिया की साजिशों के कारण अपने अधिकारों से वंचित हो जाए। 


अन्य सम्बंधित खबरें