यात्रा के दौरान रहें सतर्क, हेल्पलाइन नंबर पर दें संदिग्ध गत... - CG Sandesh

यात्रा के दौरान रहें सतर्क, हेल्पलाइन नंबर पर दें संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति की सूचना

रेल मंत्रालय ने यात्रियों से यात्रा के दौरान सतर्क रहने और रेलवे परिसर में किसी भी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति की सूचना हेल्पलाइन नंबर 139 पर तुरंत देने का आग्रह किया है। यह आग्रह नई दिल्ली के रेल भवन में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की अध्यक्षता में हुई उच्च स्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक के बाद किया गया। बैठक में रेल राज्य मंत्री वी. सोमन्ना और रवनीत सिंह बिट्टू के साथ-साथ रेलवे बोर्ड के वरिष्ठ अधिकारी और देश भर के फील्ड अधिकारी भी उपस्थित थे।

मंत्रालय के अनुसार आग लगने की कुछ घटनाओं सहित हाल ही में हुई कई घटनाओं की प्रारंभिक जांच में असामाजिक तत्वों की संलिप्तता की ओर इशारा मिला है। रेलवे सुरक्षा बल-आरपीएफ इन घटनाओं की सक्रिय रूप से जांच कर रहा है। अधिकारियों ने बैठक के दौरान बताया कि कई मामलों में रेलवे अधिकारियों द्वारा समय पर और सक्रिय कार्रवाई से बड़ी दुर्घटनाओं को रोकने में मदद मिली।

रेलवे ने कहा कि वह यात्रियों, ट्रेनों, स्टेशनों और व्यापक रेल नेटवर्क की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस-एआई, ड्रोन और सीसीटीवी सिस्टम जैसे आधुनिक तकनीकी उपकरणों का उपयोग बढ़ा रहा है। यह पहल मिशन मोड में चलाई जा रही है, जिसका मुख्य उद्देश्य रेलवे सुरक्षा बल-आरपीएफ के बीट स्तर पर खुफिया जानकारी जुटाने में सुधार करना है। समीक्षा के दौरान मजबूत रिपोर्टिंग प्रणाली और प्रौद्योगिकी का उपयोग करके सूचनाओं के त्वरित प्रसंस्करण के माध्यम से जमीनी स्तर पर खुफिया जानकारी बढ़ाने पर चर्चा हुई। अधिकारियों ने रेलवे नेटवर्क में सीसीटीवी कवरेज बढ़ाने और रेलवे बोर्ड मुख्यालय और फील्ड जोन के बीच समन्वय सुधारने पर भी विचार-विमर्श किया।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि आधुनिक प्रौद्योगिकी उपकरणों का उपयोग करके जमीनी स्तर से खुफिया जानकारी जुटाने की व्‍यवस्‍था को मजबूत किया जा रहा है। बैठक में साइबर सुरक्षा, कैमरा विनिर्देशों को उन्नत करने और रेलवे परिसर में एआई-आधारित निगरानी प्रणालियों को तैनात करने से संबंधित उपायों की भी समीक्षा की गई।

मंत्रालय ने भारतीय रेलवे नेटवर्क में समग्र सुरक्षा प्रबंधन में सुधार के लिए आरपीएफ और सरकारी रेलवे पुलिस-जीआरपी के बीच घनिष्ठ समन्वय और सूचना साझाकरण की आवश्यकता पर भी बल दिया। यात्रियों को सलाह दी गई है कि यदि उन्हें स्टेशनों पर या अपनी यात्रा के दौरान कोई संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि दिखाई दे, तो वे तुरंत हेल्पलाइन नंबर 139 के माध्यम से अधिकारियों को सूचित करें।


author

त्रिवेन्द्र जगत

त्रिवेन्द्र जगत एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार और cgsandesh.com के लेखक हैं। स्नातक की डिग्री और पत्रकारिता में 7+ वर्षों के अनुभव के साथ, वे पाठकों के लिए शिक्षा, करियर, करंट अफेयर्स और सरकारी योजनाओं से जुड़ी हर छोटी-बड़ी और महत्वपूर्ण खबर लेकर आते हैं। सही, सटीक और समय पर जानकारी देना ही उनका मुख्य लक्ष्य है।
अन्य सम्बंधित खबरें