CG : कार से नोटों की गड्डी बरामद, पुलिस ने की कार्रवाई  - CG Sandesh

CG : कार से नोटों की गड्डी बरामद, पुलिस ने की कार्रवाई

बालोद जिले के पुरूर-चारामा एनएच-30 मुख्य मार्ग पर मरकाटोला घाटी के पास पुलिस चेकिंग के दौरान एक कार से लगभग 65 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस ने कार में सवार दो लोगों से रकम के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वे संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने नगद राशि और वाहन को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। 

जानकारी के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक क्रेटा कार में बड़ी मात्रा में नगदी ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने मरकाटोला घाटी के पास वाहन की जांच की। कार के पीछे रखे दो अलग-अलग बैगों से करीब 65 लाख रुपये नकद बरामद हुए। 

पुलिस के मुताबिक कार में बालोद निवासी व्यापारी अमित जैन और चालक लच्छू ठाकुर सवार थे। कार केशकाल से पुरूर- बालोद की ओर आ रही थी। बरामद राशि को पुरूर थाने लाया गया, जहां तहसीलदार की मौजूदगी में बैंक कर्मचारियों को बुलाकर नगदी की गिनती कराई गई। प्रारंभिक जांच में मामला टैक्स चोरी और अवैध नगदी परिवहन से जुड़ा प्रतीत होने पर पुलिस ने तत्काल वैधानिक कार्रवाई करते हुए संपूर्ण नकद राशि और प्रयुक्त वाहन को जब्त कर लिया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर ने बताया कि मामले की आगे की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई के लिए प्रकरण आयकर विभाग को सौंपने की तैयारी की जा रही है।


author

त्रिवेन्द्र जगत

त्रिवेन्द्र जगत एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार और cgsandesh.com के लेखक हैं। स्नातक की डिग्री और पत्रकारिता में 7+ वर्षों के अनुभव के साथ, वे पाठकों के लिए शिक्षा, करियर, करंट अफेयर्स और सरकारी योजनाओं से जुड़ी हर छोटी-बड़ी और महत्वपूर्ण खबर लेकर आते हैं। सही, सटीक और समय पर जानकारी देना ही उनका मुख्य लक्ष्य है।
अन्य सम्बंधित खबरें