कॉकरोच जनता पार्टी का प्रदर्शन आज, संस्थापक अभिजीत दीपके पहुंचे दिल्ली
ऑनलाइन मुहिम के तौर पर शुरू की गई ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके शनिवार को जंतर-मंतर पर होने वाले प्रदर्शन से पहले दिल्ली पहुंचे और उन्होंने समर्थकों से अनुशासन बनाए रखने और प्रदर्शन को शांतिपूर्ण रखने का आग्रह किया। कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने भी इस प्रदर्शन का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि अगर दीपके को गिरफ्तार किया गया तो वह छह सप्ताह का अनशन करेंगे।
दीपके ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में जंतर-मंतर पर समर्थकों से मिलने की उत्सुकता व्यक्त की और उन्हें एक किताब और राष्ट्रीय ध्वज लाने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने प्रदर्शन में हिस्सा लेने आने वाले लोगों से पुलिसकर्मियों को ‘‘करुणा और कृतज्ञता के प्रतीक’’ के रूप में फूल भेंट करने का भी आग्रह किया तथा इस बात पर जोर दिया कि आंदोलन ‘‘प्रेम और शांति’’ के साथ किया जाना चाहिए। उन्होंने लिखा, ‘‘पहुंच गया। जंतर-मंतर पर आप सभी से मिलने के लिए उत्सुक हूं। एक किताब और हमारा तिरंगा लाना न भूलें! पुलिसकर्मियों को करुणा और कृतज्ञता के प्रतीक के रूप में फूल भेंट करें। हमें यह आंदोलन प्रेम और शांति के साथ करना है!’’
यह प्रदर्शन सीजेपी द्वारा आयोजित किया जा रहा है जो युवाओं के नेतृत्व वाली एक ऑनलाइन मुहिम है। इस प्रदर्शन के माध्यम से सीजेपी राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट), केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई), सामान्य विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा (सीयूईटी) और कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) सहित विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के लिए जवाबदेही की मांग कर रहा है। इस समूह ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की भी मांग की है। दीपके इस आंदोलन में भाग लेने के लिए अमेरिका से लौटे हैं। उन्होंने इस अभियान को एक शांतिपूर्ण संवैधानिक आंदोलन बताया है।
हाल के हफ्तों में सोशल मीडिया पर व्यापक समर्थन मिलने के बाद समूह का जंतर-मंतर पर होने वाला यह प्रदर्शन पहला महत्वपूर्ण जमीनी प्रदर्शन होने की उम्मीद है। वांगचुक ने युवा प्रतिभागियों से शांति बनाए रखने और अधिकारियों के साथ सहयोग करने का आग्रह किया। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को केवल आवश्यक वस्तुएं, जैसे पानी की बोतलें और मोबाइल फोन, साथ रखने की सलाह दी और उन्हें फूल लाने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने यह भी कहा कि हथियार या संदिग्ध वस्तुएं ले जाते हुए पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति की सूचना तुरंत पुलिस को दी जानी चाहिए। प्रदर्शन के मद्देनजर कानून व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, सीमा प्रवेश बिंदुओं और अन्य संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त कर्मियों की तैनाती की गई है।
अधिकारियों के अनुसार, पुलिस को प्रदर्शन की अनुमति से संबंधित कोई औपचारिक अनुरोध प्राप्त नहीं हुआ है। हालांकि, सोशल मीडिया निगरानी और अन्य माध्यमों से प्राप्त जानकारी के आधार पर सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। एहतियात के तौर पर नयी दिल्ली और अन्य रणनीतिक स्थानों पर 1,000 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इस प्रदर्शन से पहले सीजेपी ने प्रतिभागियों के लिए दिशा-निर्देश जारी किए थे, जिनमें उनसे अहिंसक आचरण बनाए रखने और किसी भी प्रकार के टकराव से बचने का आग्रह किया गया था। दीपके की हालिया अपील में इन निर्देशों को दोहराया गया है और प्रदर्शन के दौरान पुलिस कर्मियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करने पर विशेष जोर दिया गया है।