'हिंदी दिवस' एवं 'हिंदी सप्ताह' का आयोजन'
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय केना, संकुल केंद्र चट्टिगिरोला, विकासखण्ड सरायपाली में आज दिनांक 14 सितंबर 2019 को भारत देश की राजकाज की भाषा हिंदी के सम्मान में 'हिंदी दिवस' का कार्यक्रम आयोजित हुआ। आगामी सप्ताहांत तक 'हिंदी भाषा सप्ताह' पर विविध प्रतियोगिताएं क्रमश: - शुद्ध उच्चारण सहित पठन, सुलेख, सस्वर कविता पाठ, कविता एवँ कहानी लेखन, वाद-विवाद, चित्रकला आदि कार्यक्रम आयोजित की जाएंगी।
कार्यक्रम को संचालित करते हुए शैलेंद्र कुमार नायक व्याख्याता (अंग्रेजी) ने बताया कि इस दिवस की शुरुआत पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू जी की पहल पर 14 सितंबर 1953 से हुई। तभी से प्रतिवर्ष सितंबर माह में विभिन्न संस्थानों में हिंदी सप्ताह और पखवाड़ा कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। वर्तमान में सरकारी और राष्ट्रीयकृत बैंकों तथा न्यायलय के फैसलों में भी हिंदी भाषा में लिखित सामग्री का प्रयोग किया जा रहा है। यह हिंदी भाषा के विकास के लिए बढ़िया पहल है। महात्मा गांधी जी ने हिंदी को जन-जन की भाषा कहा था। विदेशी साहित्य मनीषियों में हिंदी के प्रति प्रेम जाग उठी है, जो कि इस भाषा के विश्वस्तर पर प्रचार-प्रसार के फैलाव और आवश्यकता को भी इंगित करती है।नई तकनीक के विकास ने हिंदी साहित्य को जीवंत कर दिया है। ई-बुक्स और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया भी हिंदी के प्रचार-प्रसार में विशेष भूमिका अदा कर रहीं हैं। स्वयं शब्दकोश से परिपूर्ण तो है ही बल्कि नित्य प्रतिदिन आगत एवं विदेशी भाषाओं को अपने में समाहित कर लेना हिंदी की सबसे बड़ी उपलब्धि है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विद्यालय के प्राचार्य श्री एम.एल.नायक ने मातृभाषा के महत्व को प्रतिपादित करते हुए कहा कि प्रारंभिक शिक्षा में विशेष प्राथमिकता देनी चाहिए, क्योंकि आधारभूत बातों को समझने में यह सहयोगी है। विशिष्ट अतिथियों में अंग्रेजी विषय की व्याख्याता श्रीमती प्रीति उबोवेजा ने भाषाई कौशलों के संबंध में कहा कि नित्य अभ्यास से ही इसे आत्मसात किया जा सकता है। शुद्ध लेखन और उच्चारण से भाषा में पकड़ बनती है। सभी भाषाएं एक समान सम्मान की हकदार हैं, इसके क्रम में मातृभाषा सबसे पहले नंबर पर है।हिंदी भाषा के व्याख्याता आर.एस.राय ने भाषा की आवश्यकता, प्रयोग और विशेष रूप से लेखन कौशल पर विस्तृत जानकारी दी। विद्यार्थियों में से कविता पाठ के लिए कक्षा बारहवीं विज्ञान की छात्रा कु.काजल दास ने सुमधुर आवाज में प्रस्तुति दी, कुमार. सस्मिता दास कक्षा ग्यारहवीं ने हिंदी भाषा के जन्म और हिंदी दिवस पर भाषण प्रस्तुत किया।
विशेष उल्लेखनीय है कि निर्मल प्रधान व्याख्याता (भौतिकी) ने इंटरनेट से तैयार किया हुआ हिंदी भाषा के विकास क्रम और उपयोगिता से जुड़ी बातों को चलचित्र में प्रोजेक्टर के संयोजन से दिखाया। जिसे विद्यार्थियों ने आनंदपूर्वक देखा और समझा। संस्था के व्याख्याता गण पी.एन.बेहेरा, जी.एस.होता, अनूप मेश्राम, ए.व्ही.एक्का, वंदना बड़घैया, चेतना निबरगिया, मंजूषा तिग्गा, सत्यप्रकाश साहू, अश्विनी यादव, अनुज बरेठ, युगेश भोई एवं राकेश प्रधान ने हिंदी दिवस के इस कार्यक्रम में अपनी सक्रिय उपस्थिति दी।