CG : मढ़ी में गौरी गणेश इस्पात प्राइवेट लिमिटेड के विस्तार की जनसुनवाई शांतिपूर्वक संपन्न
तिल्दा-नेवरा : छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल द्वारा तिल्दा ब्लॉक के ग्राम मढ़ी में मेसर्स गौरी गणेश इस्पात प्राइवेट लिमिटेड के प्रस्तावित विस्तार को लेकर आयोजित जनसुनवाई शांतिपूर्वक संपन्न हुई। जनसुनवाई अपर कलेक्टर उमाशंकर बांदे और क्षेत्रीय पर्यावरण अधिकारी प्रकाश राबड़े की उपस्थिति में आयोजित की गई।
इस जनसुनवाई में मढ़ी, खपरी, कोदवा, जांजगीरा, खमहरिया, रायखेड़ा समेत तिल्दा क्षेत्र के बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया और कंपनी के विस्तार को लेकर अपने सुझाव और मांगें रखीं।
ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने बताया कि कंपनी द्वारा आसपास के गांवों में लगातार विकास कार्यों के साथ-साथ स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाता रहा है। इसी वजह से बड़ी संख्या में ग्रामीणों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने कंपनी के विस्तार प्रस्ताव का समर्थन किया।
जनसुनवाई के दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्रीय विकास, भूमि का उचित मुआवजा, स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर, शिक्षा तथा स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। सभी सुझावों और मांगों को शांतिपूर्वक प्रशासन और कंपनी प्रबंधन के समक्ष रखा गया।
कंपनी की ओर से अधिकारी सुभागेश मिश्रा ने ग्रामीणों की मांगों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि कंपनी सामाजिक सरोकारों के तहत क्षेत्र में विकासात्मक कार्यों को आगे भी जारी रखेगी और स्थानीय समुदाय के साथ मिलकर कार्य करेगी।
कार्यक्रम के अंत में कंपनी प्रबंधन ने जनसुनवाई के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, पर्यावरण विभाग, ग्रामीणों तथा प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।