SBI में 1,500 पदों पर निकली भर्ती
देश के सबसे बड़े सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक में नौकरी करने का सपना देख रहे युवाओं के लिए शानदार अवसर आया है। भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) ने प्रोबेशनरी ऑफिसर (पीओ) के 1,500 पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी की है। इच्छुक और पात्र उम्मीदवार 18 जून से 8 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
1,500 पदों पर होगी भर्ती
एसबीआई द्वारा जारी भर्ती अधिसूचना के अनुसार कुल 1,500 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इनमें अनारक्षित (यूआर) वर्ग के 588 पद, अनुसूचित जाति (एससी) के 234 पद, अनुसूचित जनजाति (एसटी) के 144 पद, अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के 390 पद और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के 144 पद शामिल हैं।
आवेदन प्रक्रिया शुरू
इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 18 जून से शुरू हो चुकी है। उम्मीदवार एसबीआई की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर 8 जुलाई 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। निर्धारित तिथि के बाद किसी भी आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा।
शैक्षणिक योग्यता
आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से किसी भी विषय में स्नातक (ग्रेजुएशन) की डिग्री या उसके समकक्ष योग्यता होनी चाहिए। ग्रेजुएशन के अंतिम वर्ष या अंतिम सेमेस्टर में अध्ययनरत अभ्यर्थी भी अस्थायी रूप से आवेदन करने के पात्र होंगे।
आयु सीमा
उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु 30 वर्ष निर्धारित की गई है। आयु की गणना 1 अप्रैल 2026 के आधार पर की जाएगी। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट प्रदान की जाएगी।
चयन प्रक्रिया
उम्मीदवारों का चयन कई चरणों में किया जाएगा। इसमें ऑनलाइन प्रारंभिक परीक्षा, ऑनलाइन मुख्य परीक्षा, साइकोमेट्रिक टेस्ट, ग्रुप एक्सरसाइज, व्यक्तिगत साक्षात्कार (पर्सनल इंटरव्यू) और अंतिम मेरिट सूची शामिल होगी।
वेतन और सुविधाएं
चयनित उम्मीदवारों को 48,480 रुपए से 85,920 रुपए प्रतिमाह तक वेतन मिलेगा। इसके अलावा विभिन्न भत्ते और अन्य सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी। मुंबई केंद्र पर शुरुआती स्तर पर अनुमानित वार्षिक सीटीसी 21.97 लाख रुपए बताई गई है।
आवेदन शुल्क
सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों को 750 रुपए आवेदन शुल्क का भुगतान करना होगा। वहीं अनुसूचित जाति (एससी), अनुसूचित जनजाति (एसटी) और दिव्यांग (पीडब्ल्यूबीडी) श्रेणी के उम्मीदवारों को आवेदन शुल्क से छूट दी गई है।
संभावित परीक्षा कार्यक्रम
अधिसूचना के अनुसार ऑनलाइन प्रारंभिक परीक्षा अगस्त 2026 में आयोजित होने की संभावना है। मुख्य परीक्षा सितंबर 2026 में हो सकती है, जबकि साइकोमेट्रिक टेस्ट, ग्रुप एक्सरसाइज और पर्सनल इंटरव्यू अक्टूबर-नवंबर 2026 के दौरान आयोजित किए जाने की संभावना है।